
- सीएम ने भी नहीं करायी एसीबी से जांच
Akshay Kumar Jha
Ranchi: 2018 जनवरी की कड़ाके की ठंड में कंबल घोटाले की शिकायत लेकर लातेहार जिला के पोखरीतला से कुछ लोग 13 जनवरी को सीएस के कार्यालय पहुंचे. यहीं से 18 करोड़ रुपये के कंबल घोटाले की परत-दर-परत सच सामने आने लगी. शिकायत करने वाले सलाउद्दीन अंसारी, इमामुद्दीन हक, नईमुद्दीन अंसारी और मो. मुस्ताक का कहना था कि लातेहार जिले के पोखरीतला के जिस बुनकर को कंबल बनाने का काम दिया गया है और जिस पैमाने पर दिया गया है, उस काम को करने के लिए उसके पास लुम (करघा) है ही नहीं.
सिर्फ कागजों पर दिखा दिया गया है कि बुनकर ने हजारों कंबल बनाए. सीएस कार्यालय से शिकायत की कॉपी विकास आयुक्त कार्यालय भेज दी गयी. उस वक्त झारखंड के विकास आयुक्त अमित खरे थे. उन्होंने शिकायत को काफी गंभीरता से लिया और उद्योग विभाग को फौरन जांच करने का निर्देश दिया.
एक फरवरी को एमडी उद्योग ने जांच प्रक्रिया शुरू की. जांच के बाद पांच फरवरी को एमडी उद्योग ने जांच रिपोर्ट सौंपी. जांच में शिकायत सच पायी गयी. जिस बुनकर को कंबल बनाने का काम झारक्राफ्ट की तरफ से दिया गया था, उसके पास कंबल बनाने लायक लुम (करघा) ही नहीं था. जांच रिपोर्ट आने के बाद विकास आयुक्त ने बुनकर को दिए जाने वाले किसी भी भुगतान पर रोक लगा दी.
इसे भी पढ़ें – रघुवर सरकार में हटाये गये 332 ई-मैनेजर्स को फिर से बहाल करने का हेमंत सोरेन ने दिया आश्वासन
विस्तृत जांच के लिए लिखा उद्योग सचिव को चिट्ठी
विकास आयुक्त अमित खरे ने 14 फरवरी को उद्योग विभाग के एमडी और सचिव सुनील बर्णवाल (जो सीएम के प्रधान सचिव भी थे) को पूरे मामले को लेकर फाइनल प्रपोजल बनाने को लिखा. लिखा कि जब जांच में शिकायत सही पायी गयी है, तो कंबल बनाने से लेकर बांटने तक की जांच सही तरीके से की जाए.
लेकिन विकास आयुक्त की इस चिट्ठी का सुनील बर्णवाल पर कोई असर नहीं हुआ. उन्होंने ना ही चिट्ठी का जवाब दिया और ना ही विकास आयुक्त के निर्देशों को माना.
दोबारा फिर से 28 फरवरी को विकास आयुक्त ने पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने और दोषी कर्मियों पर कार्रवाई करने के लिए तत्कालीन उद्योग सचिव और पूर्व सीएम के प्रधान सचिव सुनील वर्णवाल को पत्र लिखा.
पत्र लिखे जाने के करीब डेढ़ महीने बीतने के बाद भी सुनील बर्णवाल ने विकास आयुक्त के निर्देशों का कोई पालन नहीं किया. उद्योग विभाग की तरफ से ना ही कोई जांच समिति नहीं बनायी गयी है और ना ही किसी दोषी कर्मी पर कोई कार्रवाई के लिए विभाग की तरफ से अनुसंशा ही की गयी. उद्योग विभाग की इस चुप्पी के कारण कंबल घोटाले के आरोपियों को संरक्षण भी मिलता रहा.
इसे भी पढ़ें – एक जनवरी को दुनिया में पैदा हुए करीब चार लाख बच्चे, सर्वाधिक 67,385 जन्म भारत में
सुनील बर्णवाल के ऐसा किए जाने से विकास आयुक्त का कार्यालय भी सोच में पड़ गया कि आखिर उनके निर्देशों का पालन सुनील बर्णवाल क्यों नहीं कर रहे हैं. आखिरकार विकास आयुक्त अमित खरे ने दो अप्रैल को सीधा सीएम को एक पत्र लिखा. चिट्ठी में उन्होंने कंबल घोटाले को एक गंभीर अनियमितता बताते हुए पूरे मामले की जांच एसीबी से कराने की अनुशंसा की.
लेकिन सुनील बर्णवाल की ही तरह पूर्व सीएम रघुवर दास ने भी विकास आयुक्त की चिट्ठी को कोरा कागज समझा और किसी तरह की जांच नहीं करायी. सिर्फ कार्रवाई के नाम पर झारक्राफ्ट की सीईओ रेणु गोपीनाथ पन्निकर से इस्तीफा ले लिया गया.
क्या सभी संरक्षकों पर होगी कार्रवाई
न्यूज विंग से बात करते हुए उद्योग विभाग के सचिव के रवि कुमार ने साफ कहा है कि 28 सदस्यीय समिति ने एजी के उन सारे आपत्तियों को सही माना है, जिसे लेकर एजी ने ऑडिट के वक्त सवाल खड़े किए थे.
ऐसे में नए सरकार बदलने पर सवाल यह उठ रहा है कि क्या वैसे सभी घोटालेबाजों और घोटाले के संरक्षकों पर सरकार गंभीर होकर कार्रवाई करेगी. क्या पूर्व सीएम के प्रधान सचिव सुनील बर्णवाल से पूछा जाएगा कि उन्होंने आखिर विकास आयुक्त की दो चिट्ठियों पर क्यों कार्रवाई नहीं की.
इसे भी पढ़ें – गिरिडीह के बनियाडीह में शराब के नशे में नये साल का जश्न मना रहे युवक ने नाबालिग के साथ किया दुष्कर्म




