JharkhandRanchi

हर तस्वीर कुछ कहती है… पीएम मोदी के साथ भाजपा विधायकों के साथ खड़े हैं कांग्रेस के सुखदेव भगत, बिट्टू सिंह और झाविमो के प्रकाश राम

Kumar Gaurav

Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड को आज कई सौगात दिये. राज्य की धरती से देशभर की तीन महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गयी. इसके अलावा साहेबगंज में मल्टी मॉडल टर्मिनल और झारखंड विधानसभा के नये भवन का उद्घाटन भी किया गया.

इसी उद्घाटन और सौगात के बीच कांग्रेस को दो बड़ा झटका लगता दिख रहा है. लोहरदगा के विधायक और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत के अलावा कांग्रेस के पांकी विधायक बिट्टू सिंह के भाजपा में शामिल होने के कयास पर मुहर लगती दिख रही है. इसकी बानगी एक तस्वीर में सामने आ गयी है. इसके अलावा झाविमो के प्रकाश राम भी लगभग भाजपा के हो चुके हैं.

इसे भी पढ़ें – जब #PMModi के कार्यक्रम में रघुवर थे FacebookLive, तो क्यों सीएम को कोस रही थी जनता?

लोहरदगा विधायक के भाजपा में शामिल होने के कयास पहले से भी लगाये जा रहे थे, जिसे ताजा तस्वीर पुख्ता कर रही है. विधानसभा भवन के उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी के साथ विधानसभा के मुख्य भवन में भाजपा, आजसू और सरकार को समर्थन कर रहे विधायक ही मौजूद थे. इसी में झामुमो के जयप्रकाश भाई पटेल और कांग्रेस के सुखदेव भगत और बिट्टू सिंह का आना भाजपा के लिए सुखद तो है, पर कांग्रेस के लिए यह एक बड़ा झटका है. इसके अलावा जेवीएम के प्रकाश राम का भी यहां होना झाविमो के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं.

रामेश्वर उरांव को अध्यक्ष बनाने के बाद से नाराज चल रहे हैं सुखदेव भगत

कांग्रेस ने डॉ अजय कुमार के इस्तीफे के बाद रामेश्वर उरांव को पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है. जिसके बाद से ही सुखदेव भगत काफी नाराज चल रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि लोहरदगा लोकसभा चुनाव में सुखदेव भगत के लिए रामेश्वर उरांव ने किसी भी स्तर पर प्रचार नहीं किया था. वहीं 2014 के चुनाव में सुखदेव भगत ने अध्यक्ष रहते हुए रामेश्वर उरांव को चुनाव लड़ने दिया था. 2014 से पहले कांग्रेस के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने चुनाव लड़ा था. उस परिपाटी को तोड़ कर रामेश्वर उरांव को टिकट देने पर सुखदेव राजी हुए थे, पर 2019 में रामेश्वर उरांव ने उनका साथ नहीं दिया था. जिस दिन रामेश्वर उरांव ने शपथ ली थी उस दिन भी सुखदेव भगत मौजूद नहीं थे.

इसे भी पढ़ें – अखबारों की सुर्खियां बटोरने की राजनीति से बाहर निकले, #Economy सुधारने  पर ध्यान दे मोदी सरकार  :  मनमोहन सिंह

जयप्रकाश भाई पटेल पहले ही कर चुके हैं झामुमो से बगावत

सुखदेव भगत के अलावा जयप्रकाश भाई पटेल भी इस औपचारिक मुलाकात के दौरान मौजूद थे. वे वर्तमान में मांडू से झामुमो के विधायक हैं, पर लोकसभा चुनाव के दौरान ही उन्होंने भाजपा के समर्थन में जम कर प्रचार किया था. अभी तक उन्होंने कोई पार्टी औपचारिक तौर पर ज्वाइन नहीं किया है, पर कयास लगाये जा रहे हैं कि वो भाजपा या आजसू में शामिल हो सकते हैं.

प्रकाश राम के बाद झाविमो की टीम के बचे सिर्फ 1 विधायक, वो भी जेल में

प्रकाश राम यदि भाजपा में शामिल हो जाते हैं तो, आठ सीट जीत कर आनेवाली झाविमो के सिर्फ एक विधायक ही रह जायेंगे. विधायक प्रदीप यादव जेल में हैं. इससे पहले छह विधायक मंत्री और निगम बोर्ड के पदों के साथ भाजपा में शामिल हो चुके हैं. अमर बाउरी, रणधीर सिंह, नवीन जायसवाल, आलोक चौरसिया, जानकी यादव, और गणेश गंझू भाजपा में शामिल हो गये थे.

इसे भी पढ़ें – #PrimeMinisterModi ने किया योजनाओं का शुभारंभ, कहा, 100 दिनों में ट्रेलर दिखाया है, पूरी फिल्म अभी बाकी है

Related Articles

Back to top button