
Giridih : बारात में बजने वाले डीजे का इस्तेमाल अब शराब तस्करी में भी हो रहा है. इसका खुलासा तब हुआ जब रविवार को सुबह करीब आठ बजे गिरिडीह-डुमरी रोड के नारायणपुर मोड़ के समीप खुद्दीसार मेन रोड पर डीजे लदा एक वाहन पलट गया और उस पर लदे साउंड बॉक्स से शराब की बोतलें निकलने लगीं.
इसे भी पढ़ें : साध्वी प्रज्ञा ने कहा, हमें नालियां और शौचालय साफ करने के लिए सांसद नहीं बनाया गया है
चार साउंड बॉक्स लदे थे
गाड़ी संभवतः गिरिडीह जा रही थी. उस पर चार साउंड बॉक्स लदे थे. खुद्दीसार के समीप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई तो उसके साउंड बॉक्स टूट गये और एम्प्लीफॉयर की जगह शराब की बोतलें निकलीं. दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया.
इस बीच जानकारी मिलने के बाद काफी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों के जानकारी देने पर पीरटांड थाना प्रभारी उपेन्द्र राय पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पहुंचे और चारों बाॅक्स और बाॅक्स के भीतर भरे शराब की बोतलों को जब्त करना शुरू कर दिया.
इसे भी पढ़ें : JJMP के शशिकांत का आरोप, ‘पुलिस के नोट पढ़ बयान जारी करते हैं सबजोनल कमांडर’
इम्पीरियल ब्लू की 524 बोतलें जब्त
बाॅक्स के क्षतिग्रस्त होने से शराब के काफी बोतलें टूट गयी थीं. इसके बावजूद पीरटांड थाना पुलिस ने 524 बोतलें जब्त की. पुलिस के अनुसार सांउड बाॅक्स के भीतर इंपीरियल ब्लू ब्रांड की बोतलें भरी हुई थीं. कुछ स्थानीय लोगों द्वारा भी बोतल लूटे जाने की बात कही जा रही है.
वाहन चालक के फरार होने के कारण यह जानकारी नहीं मिल पायी है कि डीजे के बाॅक्स में छिपाकर शराब का स्टाॅक किसका था और कहां पहुंचाया जा रहा था. पीरटांड थाना प्रभारी जांच-पड़ताल में जुटे हैं.
इसे भी पढ़ें : रिम्स में हर रस्म के लगते हैं पैसे…शेविंग के 150, लाश पहुंचाने के 300 और भी बहुत कुछ




