
- मासस छोड़ अन्य लेफ्ट पार्टियां, डॉ अजय कुमार, बाबूलाल मरांडी रहे अनुपस्थित
- जेवीएम के बागी 6 विधायकोंवाली सीट पर आ सकता है पेंच
Ranchi : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी विपक्षी दलों के बीच सहमति बनी है कि सभी सीटिंग सीट पर संबंधित पार्टी ही चुनाव लड़ेगी. अन्य सीटों पर कौन पार्टी चुनाव लड़ेगी, इसका निर्णय अगले एक हफ्ते में हो जायेगा. सीट बंटवारे के लिए महागठबंधन में शामिल सभी घटक दल एक बार फिर बैठक करेंगे. महागठबंधन को लेकर बुधवार को जेएमएम कार्यकारी अध्यक्ष के आवास पर बुलायी गयी बैठक के बाद हेमंत सोरेन ने मीडिया को जानकारी दी.
देखें वीडियो-
इसे भी पढ़ें – TVNL: निकला अबतक का सबसे बड़ा टेंडर, लोकल ठेकेदार नहीं ले सकेंगे हिस्सा, गहरा सकता है रोजगार का संकट
बैठक में हेमंत सोरेन के अलावा कांग्रेस से विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, जेवीएम प्रदेश सचिव सरोज कुमार सिंह, आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, निरसा के मासस विधायक अरुप चटर्जी उपस्थित थे. मालूम हो कि वर्तमान में राज्य की कुल 81 विधानसभा सीटों में से 32 पर महागठबंधऩ के घटक दलों का कब्जा है. इसमें जेएमएम के 19, कांग्रेस के 9 (इसमें कोल्हान संसदीय सीट पर जगन्नाथपुर से विधायक रही गीता कोड़ा की सीट भी शामिल है), लेफ्ट के 2, जेवीएम के 2 विधायक शामिल हैं. हालांकि जेवीएम ने उन 6 सीटों पर भी अपनी मांग रखी है, जिस पर पार्टी टिकट पर विधायक बने नेताओ ने बीजेपी का दामन थामा था. इस पर हेमंत सोरेन ने अगली बैठक में बातचीत करने की बात कही.
लेफ्ट सहित कई दिग्गज नेता रहे अनुपस्थित
महागठबंधन को लेकर हेमंत सोरेन के आवास पर बुलायी बैठक में मासस छोड़ लेफ्ट की अन्य पार्टियां और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह, सह प्रभारी उमंग सिंघार, जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी अनुपस्थित रहे. न्यूज विंग से बातचीत में सीपीआइ (एमएल) के राज्य सचिव जनार्दन प्रसाद ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर सभी लेफ्ट दलों ने एक अलग मोर्चा बनाया है. मोर्चा की बैठक 16 जुलाई को बुलायी गयी है. बैठक में महागठबंधन में शामिल होने पर चर्चा होगी. हालांकि लेफ्ट के नहीं आने के सवाल पर हेमंत सोरेन ने उम्मीद जतायी कि अगली बैठक में वे उपस्थित रहेंगे.
इसे भी पढ़ें – क्या आपके अखबारों ने 1.70 लाख करोड़ के आंकड़ों के अंतर की खबर बतायी, नहीं तो यहां पढ़ें
मुख्यमंत्री के सपने में आता है सोरेन परिवार
हेमंत सोरेन ने बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार महागठबंधन की रूपरेखा को लेकर सभी दलों ने समीक्षा बैठक की. उन्होंने कहा कि 32 सीटों को लेकर महागठबंधन नेताओं के बीच कोई अड़चन नहीं है. बाकी की सीटों पर विचार के लिए सभी नेता एक हफ्ते के बाद फिर से विचार करेंगे. उन्होंने कहा कि 32 छोड़ अन्य सीटों के लिए पिछले विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रही पार्टी को प्रमुखता दिया जायेगा. वहीं जेवीएम के टिकट पर चुनाव जीते 6 विधायक, जो बीजेपी में शामिल हुए थे, उन पर भी अगली बैठक में विचार किया जायेगा. मुख्यमंत्री द्वारा लगातार सोरेन परिवार पर निशाना साधने के सवाल पर हेमंत ने कहा कि उनके सपने में भी केवल उनका ही परिवार आता है. वहीं बहरागोड़ा विधायक कुणाल षाडंगी के महागठबंधन नहीं बनने के निजी विचार पर हेमंत सोरेन ने कहा कि गुरुवार को आयोजित पार्टी विधायक दल की बैठक में विचार किया जायेगा.
25 सीट पर दावा ठोकेगी कांग्रेस : आलमगीर आलम
कांग्रेसी नेता आलमगीर आलम ने बताया कि वर्तमान में कुल 32 सीटों पर संबंधित विपक्षी पार्टियों का कब्जा है. उसे लेकर बैठक में सहमति बनी है कि उस सीट पर सीटिंग पार्टी के कैंडिडेट ही चुनाव लड़ेंगे. यानी इन सीटों पर महागठबंधन के अन्य दल अपने कैंडिटेड नहीं उतारेंगे. विधानसभा चुनाव में पार्टी कुल कितनी सीटों पर दावेदारी करेगी के सवाल पर आलमगीर ने कहा कि कम से कम 25 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी.
इसे भी पढ़ें – BSNL: कभी थी नंबर वन और अब क्यों है डूबने की कगार पर?



