
Chakradharpur : केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर होनेवाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर चक्रधरपुर भाजपा के पदाधिकारियों ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद स्व लक्ष्मण गिलुवा के आवास में एक बैठक की. इस कार्यक्रम को चक्रधरपुर विधानसभा में सुचारू रूप से चलाने के लिए मालती गिलुवा को संयोजक बनाया गया.
आठ साल बेमिसाल कार्यक्रम के कोल्हान के सह संयोजक अशोक षाड़ंगी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के बीच मोदी सरकार की उपलब्धियोंवाले पर्चे का वितरण किया जायेगा. प्रखंड क्षेत्र एवं नगर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कार्यक्रम चलाया जायेगा. इस दौरान क्षेत्र के लोगों को केंद्र सरकार द्वारा चलायी जा रही उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं के बारे में अवगत भी करवाया जायेगा. इसके अलावा इन योजनाओं से लाभान्वित लोगों की जानकारी इकट्ठा कर नमो ऐप में साझा किया जायेगा. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने कोविड-19 से परेशान गरीब परिवारों के लिए मुफ्त राशन उपलब्ध कराया, जिससे गरीब परिवारों की परेशानी कम हुई.
ये थे उपस्थित
इस बैठक में भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा मालती गिलुवा, जिला उपाध्यक्ष ललित मोहन गिलुवा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष पवन शंकर पांडेय, कडाइकेला प्रखंड अध्यक्ष कुश पूर्ति, टोकलो प्रखंड अध्यक्ष रोहित प्रधान, चक्रधरपुर प्रखंड महामंत्री बिसटूधारी प्रधान, नगर उपाध्यक्ष छोटेलाल मांझी एवं नगर मंत्री अभय साव उपस्थित रहे.




