
New Delhi: एक तरफ देश में कोरोना वायरस से रोकथाम की जंग चल रही है वहीं दूसरी ओर देश के पूर्वी तट पर सुपर साइक्लोन का खतरा है.
यह तूफान तेजी से भारतीय तटों की ओर बढ़ रहा है. इस सुपर साइक्लोन का नाम अम्फान है. यह 20 मई को बेहद भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में पश्चिम बंगाल में दीघा और बांग्लादेश के हटिया द्वीप के बीच से गुजर सकता है.
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और ओड़िशा के सीएम नवीन पटनायक से बात की. उन्होंने संकट की इस घड़ी में केंद्र की मदद का भरोसा दिलाया है. उन्होंने राज्य की तैयारियों का भी जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें – लोकल व्यापारियों की जगह ई-कॉमर्स को दी गयी छूट, सरकार के इस फैसले का क्या होगा बाजार पर असर
भारी बारिश का अनुमान
तूफान के असर के कारण बुधवार को गंगा से सटे पश्चिम बंगाल के जिलों में कई स्थानों पर बारिश होगी. कोलकाता, हावड़ा, पूर्वी मिदनापुर, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना और हुगली जिलों के एक या दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश होगी.
गृह मंत्रालय ने दोनों राज्यों को कई निर्देश दिये हैं. गृह मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों की तैयारी का जायजा लेने के बाद कैबिनेट सेक्रटरी ने राज्य सरकारों को खतरेवाले इलाके में समय से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा है. साथ ही जरूरी सामानों जैसे खाना, पीने का पानी और दवाई की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – #Covid-19: भारत में 64 दिनों में 100 से एक लाख हुए संक्रमित, अमेरिका,स्पेन, इटली से काफी धीमी रही रफ्तार
एनडीआरएफ की 53 टीमें तैनात
तूफान से निपटने के लिए एनडीआरएफ भी तैनात है. एनडीआरएफ की 53 टीमें दोनों राज्यों में राहत औऱ बचाव कार्य के लिए कमर कसी हुई हैं.
एनडीआरएफ के अलावा सेना, नौसेना और उसके जहाजों के साथ-साथ नेवी के प्लेन, एयरफोर्स और तटरक्षक बल को तैयार रहने को कहा गया है.
मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया सुपर साइक्लोन अम्फान के पश्चिम बंगाल के दीघा और बांग्लादेश के हटिया द्वीप के करीब सुंदरबन से टकराने की उम्मीद है. तट से टकराते वक्त इसकी गति 155-165 किलोमीटर प्रतिघंटा की हो सकता है. इस तूफान की गति 185 किलोमीटर तक जा सकती है. मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और ओड़िशा में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी जारी की है.
इसे भी पढ़ें – जानें क्यों गोल्डमैन सैक्स ने कहा- भारत की घटेगी विकास दर, इसका आम जनता पर क्या होगा असर



