DhanbadJharkhand

झरिया के नाई समाज की गुहार: लॉकडाउन से टूटी कमर, सरकार करे उपाय नहीं तो करेंगे आंदोलन

Ranjit  kumar  singh

Dhanbad : झरिया प्रखंड अंतर्गत लगभग 15 हजार नाई समाज के लोग हैं. ये सभी नाई का काम करके ही अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं. लेकिन लॉकडाउन की वजह से दुकान बंद है. जिससे कमाई नहीं होने की वजह से इस समाज के कई लोगों के सामने भुखमरी की स्थिती है.

नाई समाज के अध्यक्ष लालधारी शर्मा की मानें, तो जब लॉकडाउन  का पहला चरण था, तो  उस समय नाई समाज के लोगों ने सरकार का पूरा साथ दिया. फिर लॉकडाउन का दूसरा चरण लागू हो गया. इसमें भी हमारे समाज की ओर से सरकार का भरपूर सहयोग किया गया.

फिर लॉकडाउन का तीसरा चरण लागू हो गया, जिसमें नाई का काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करने वालों की स्थिति गंभीर होने लगी. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के तीसरे चरण में नाई समाज के लोगों ने पड़ोसियों से मांगकर अपने परिवार का भरण-पोषण किया.

इससे आगे कहा कि लेकिन अब लॉकडाउन के चौथे चरण को पार करना काफी मुश्किल है. सरकार को अब नाई समाज पर ध्यान देना चाहिए.

इसे भी पढ़ें – जानें क्यों गोल्डमैन सैक्स ने कहा- भारत की घटेगी विकास दर, इसका आम जनता पर क्या होगा असर

सिर्फ चावल से नहीं चलता घर, दुकान खोलने की अनुमति दे सरकार

लालधारी शर्मा ने बताया कि अब लॉकडाउन के चौथे चरण में नाई समाज के लोग पूरी तरह टूट गये हैं. इनके परिवार के समक्ष कई प्रकार की परेशानियां उत्पन्न हो गयी है.

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन 1 से 3 तक केंद्र और राज्य सरकार ने नाई समाज के लोगों के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं सोचा. सरकार ने सभी के लिए कुछ न कुछ मदद की, लेकिन नाई समाज के लोगों के लिए राज्य सरकार ने अभी तक कुछ नहीं किया है. जिस कारण अब लॉकडाउन 4.0 को पार करना बड़ी मुसीबत बन गया है.

अध्यक्ष ने ये भी कहा सरकार तो मदद के तौर पर सिर्फ चावल ही दे रही है, जो काफी नहीं है. क्योंकि घर परिवार चलाने के लिए सिर्फ चावल की ही नहीं, और भी कई सामग्रियों की जरूरत पड़ती है, जो सरकार पूरा नहीं कर सकती. इसलिए सरकार नाई समाज के हित के लिए सोचे और नाई की दुकानों को खोलने की अनुमति दे.

इसे भी पढ़ें – #Covid-19: भारत में 64 दिनों में 100 से एक लाख हुए संक्रमित, अमेरिका,स्पेन, इटली से काफी धीमी रही रफ्तार

सरकार नहीं निकालेगी वैकल्पिक रास्ता तो करेंगे आंदोलन

उन्होंने कहा कि अगर सरकार नाई की दुकानों को खोलने की अनुमति देती है. तो नाई समाज सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों का पूरा पालन करेगा. ताकि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से खुद भी बचे और दूसरों को भी इस संक्रमण से बचाया जा सके.

साथ ही अध्यक्ष ने राज्य सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि अगर इस लॉकडाउन 4.0 में सरकार नाई समाज के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं निकालेगी तो नाई समाज आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा.

क्योंकि 15 हजार नाई समाज के परिवार की स्थिति अब काफी गंभीर हो गयी है. इसलिए नाई समाज पूरे परिवार के साथ मिलकर राज्य सरकार से मदद की गुहार लगा रहा है. सरकार नाई समाज के हित के लिए कोई रास्ता निकाले.

इसे भी पढ़ें – स्कूल ड्रेस के इंतजार में बीत गया पूरा साल, अब 10 दिनों में बांटने का आदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button