
Ranchi: बाबा नगरी देवघर में सोमवार से होली का आनंदोत्सव शुरू हो गया. आज से वहां होली मनाने की परंपरा शुरू हो गई. बाबा मंदिर इस्टेट की ओर से इस्टेट पुरोहित श्रीनाथ पंडित ने जानकारी दी है कि सोमवार को पूरी रात बाबा का पट खुला रहेगा.

बाबा की श्रृंगार पूजा नहीं होगी. इधर, भक्तों की भीड़ को देखते देवघर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े तमाम मसलों को सुनिश्चित करने को देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री खुद मोर्चा संभालने में अपनी टीम के साथ जुट चुके हैं.

यह है बाबा नगरी में होली का कार्यक्रम
श्रीनाथ पंडित के मुताबिक होली की परंपरा को देखते सोमवार को पट बंद नहीं होंगे. दिनभर के जलार्पण के बाद शाम चार बजे 20 मिनट के लिए पट बंद कर फिर से खोला जायेगा. मंदिर महंत श्रीश्री गुलाबनंद ओझा बाबा बाबा पर गुलाल अर्पित करेंगे. शाम को भगवान कृष्ण व राधा को पालकी पर बैठा कर दोल मंच ले जाया जायेगा. इस दौरान रास्ते में पडने वाले सभी चौराहे पर पालकी को रोक कर मालपुआ का भोग लगाया जाएगा. दोल मंच पर पूरी रात भगवान कृष्ण को झूले पर झुलाया जाएगा. मंगलवार सुबह विशेष पूजा के बाद होलिका दहन होगा. फिर भगवान कृष्ण को मंदिर लाया जाएगा. सुबह 5:10 बजे हरिहर मिलन और बाबा बैद्यनाथ का स्थापना दिवस मनाया जाएगा.

बाबा मंदिर में जिला प्रशासन
होली को लेकर मंजूनाथ भजंत्री सोमवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुँचे. सुरक्षा व्यवस्था व विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान मंदिर प्रांगण का निरीक्षण कर होली के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर किए जाने वाले कार्यों, शीघ्र दर्शनम की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया. साथ ही मंदिर प्रांगण में भीड़ व्यवस्थापन, क्राउड मैनेजमेंट व अतिक्रमण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. इसके अलावे होली के अवसर पर विधि व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की किए जाने वाले कार्यों पर विस्तृत चर्चा करते हुए मंदिर प्रशासन, बाबा मंदिर थाना को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं को मिलने वाली व्यवस्थाओं व सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करने की बात कही. साथ ही थर्माेकोल और प्लास्टिक मुक्त बाबा मंदिर व आसपास के क्षेत्रों में दिन प्रतिदिन इसे और बेहतर करते हुए वैकल्पिक सामानों के उपयोग को बढ़ाने की बात की
ताकि सही मायने में बाबा मंदिर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके.
इसे भी पढ़ें: डीएसपी प्रमोद मिश्रा पहुंचे ईडी कार्यालय




