
Jamshedpur: मानगो न्यू उलीडीह के रहनेवाले 50 वर्षीय सत्य किंकर दास विगत छह महीने से लापता हैं. शिकायत के बावजूद अब तक जिला पुलिस उन्हें ढूंढ नहीं पाई है. थक-हार कर पत्नी कलावती अपने परिजनों और भाजपा नेता विकास सिंह के साथ एसएसपी से गुहार लगाने पहुंची. बताया कि सत्य किंकर दास जमशेदपुर में मजदूरी का काम करते थे. 16 अगस्त को काम करने के लिए घर से निकले. उसके बाद घर वापस नहीं आये. परिवार के सदस्यों ने काफी खोजबीन की. जब वे नहीं मिले तो थाने में इसकी शिकायत की. शिकायत के बावजूद पुलिस ने खोजने में खास रूचि नहीं दिखायी.
यह भी बताया कि डिमना रोड के मून सिटी में रहने वाली बसंती नामक महिला विभिन्न राज्यों में लेबर सप्लाई का कार्य करती है. बसंती ही बिहार के पटना में ईंट भट्टा में काम दिलाने के नाम पर अन्य लोगों के साथ सत्य किंकर को भी ले गई जहां उसे बंधुआ मजदूर बना कर रखा हुआ है. यह भी जानकारी मिली है कि कई लोगों की भूखे- प्यासे और शारीरिक प्रताड़ना के कारण मौत हो चुकी है. परिवार वालों को अनहोनी की आशंका है. उन्होंने लेबर सप्लायर बसंती पर कार्रवाई करते हुए सत्य किंकर दास को वापस लाने की गुहार लगाई है.
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : भाजयुमो का कार्यालय समेत दुकानों को अतिक्रमण मुक्त कराने की तैयारी, मची अफरा-तफरी, दुकानदारों का विरोध




