JamshedpurJharkhand

जमशेदपुर : भाजयुमो का कार्यालय समेत दुकानों को अतिक्रमण मुक्त कराने की तैयारी, मची अफरा-तफरी, दुकानदारों का विरोध

Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई जब भाजयुमो कार्यालय के साथ आस-पास बने तीन दुकानों को अतिक्रमण मुक्त कराने प्रशासन की टीम पहुंच गई. टीम को देखते ही दुकानदारो में अफरातफरी मच गई. वहीं, सूचना पाकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए. एक ओर प्रशासन ने दुकानदारों को दुकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया है, वहीं दूसरी ओर दुकानदार भाजपा नेताओं के साथ मिलकर विरोध शुरु कर दिया है.

भाजयुमो नेता धरन सिंह अक्सर बैठते हैं कार्यालय में
मामला थाना क्षेत्र के उलियान स्थित निर्मल महतो स्टेडियम के पास का है. बताया जाता है कि वहां हाल में ही भाजपा युवा मोर्चा का कार्यालय बनाया गया है. उस कार्यालय में भाजयुमो के धरन सिंह अक्सर पार्टी से जुड़े लोगों के साथ बैठते हैं. उसके बगल में उनकी दो दुकान है, जिसमें ऑटो पार्ट्स वाला दुकान उन्होंने संजीव मिश्रा को भाडे पर दिया है, जबकि कार वाशिंग सेंटर वे खुद चलाते हैं. वहीं उससे सटा एक बांस की दुकान अमित बरुआ की बतायी जाती है. इसे जुस्को ने अतिक्रमण करार देते हुए सीओ कार्यालय में बीपीएलई ( बिहार पब्लिक लैंड इंक्रोचमेंट) के तहत शिकायत दर्ज कराई थी. उसी को आलोक में बुधवार को दो जेसीबी के साथ प्रशासनिक टीम भारी संख्या में पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने मौके पर पहुंची. टीम में सीओ अमित श्रीवास्तव के अलावा डीएसपी कमल किशोर, कदमा थाना प्रभारी मनोज ठाकुर, मजिस्ट्रेट संतोष महतो शामिल रहे.

प्रशासनिक कार्रवाई दुर्भावना से ग्रस्त : धर्मेन्द्र प्रसाद
इस बीच सूचना मिलने पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र प्रसाद के अलावा पार्टा नेता शंकर रेड्डी, नंदजी प्रसाद, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अमित अग्रवाल पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने दुकानदारों के साथ मिलकर प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया है. भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बगैर किसी पूर्व सूचना के जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को दुर्भावना से ग्रस्त करार दिया है. साथ ही दुकानदारों ने भी अपने नुकसान की बात कहते हुए कार्रवाई का विरोध किया है.

इसे भी पढ़ें : रांची एसएसपी ने एक साथ किया 500 से अधिक पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर

Related Articles

Back to top button