Crime NewsJharkhandNEWSSahibganj

पलामू: टीएसपीसी के एरिया कमांडर समेत तीन गिरफ्तार, खूंटीसोत नदी के पास टैक्टर और बाइक में लगा दी थी आग

Palamu: जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के खूंटीसोत नदी के पास लेवी के लिए पुल निर्माण में लगी कंस्ट्रक्शन कंपनी के टैक्टर और बाइक में आगजनी करने वाले उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के एरिया कमांडर समेत तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है.

इनके पास से एक देशी कट्टा, एक आठ एमएम का खोखा, मुखिया और्र इंट भट्ठा मालिकों एवं अन्य व्यक्तियों का नंबर लिखि हुई डायरी, तीन स्मार्ट फोन, लेवी मांगने में इस्तेमाल एक छोटा कीपैड मोबाइल फोन और टीएसपीसी संगठन का दो पर्चा बरामद किया गया है.

बता दें कि गत 16 जून की देर रात खूंटीसोत नदी के पास एमएस छिन्नमस्तिका कंस्ट्रक्शन कंपनी के पुल निर्माण साइट पर 6-7 की संख्या में अज्ञात लोगों ने उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के नाम पर उत्पात मचाया था. कंपनी के मुंशी मदन प्रजापति सहित अन्य मजदूर एवं कर्मियों को टीएसपीसी का दो पर्चा देते हुए एक कमरे में बंद कर कंपनी के रेस्ट रूम के पास रखे एक टैक्टर और मोटरसाइकिल में आग लगा दी थी. जाने के क्रम में फायरिंग की गयी थी.

सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने एसपी कार्यालय में सोमवार को जानकारी दी कि घटना के बाद विश्रामपुर के एसडीपीओ सुरजीत कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर अज्ञात टीएसपीसी उग्रवादियों के विरूद्ध छापामारी एवं सूचना संकलन की गयी. तकनीकी साक्ष्य एवं गुप्त सूचना के आधार पर पाटन थाना क्षेत्र के सतन टोला निवासी टीएसपीसी के सक्रिय सदस्य मिथिलेश यादव पिता ब्रह्मदेव यादव को इसी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर पाटन-छतरपुर के सीमावर्ती थाना क्षेत्र से गुप्त सूचना के आधार पर टीएसपीसी के एरिया कमांडर शंभू सिंह उर्फ वीेरेन्द्र जी को एक अन्य सक्रिय सदस्य सतेन्द्र सिंह के साथ गिरफ्तार किया गया एवं इनके पास से लेवी मांगने में उपयोग मोबाइल फोन जब्त किया गया.

पूछताछ में गिरफ्तार उग्रवादियों ने बताया कि उपरोक्त घटना में एरिया कमांडर बुटन मांझी उर्फ गौतम जी, मिथिलेश यादव, विकास, सतेन्द्र एवं अन्य तीन लोगांे के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था. इनके द्वारा बताया गया कि रेहला थाना कांड संख्या 49/2023 में लेवी के लिए इनके मोबाइल नंबर एवं बुटन मांझी के नंबर से धमकी दी गयी है. सभी वर्तमान में टीएसपीसी के सबजोनल कमांडर निशांत जी एवं रंजन जी के नेतृत्व में लेवी वसूलने एवं आगजनी की घटना को अंजाम देते हैं.

इसके पूर्व नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा में इंट भट्ठे में लगे टैक्टर को निशांत के नेतृत्व में जला दिया गया था. भविष्य में भी लेवी नहीं मिलने पर अप्रिय घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. एरिया कमांडर शंभू छतरपुर के पलवा टोला मोरचवा का रहने वाला है, जबकि सतेन्द्र चिल्हो कला छतरपुर का निवासी है.
गिरफ्तारी अभियान में विश्रामपुर के एसडीपीओ के अलावा थाना प्रभारी शशि रंजन, पु.अ.नि. विजय कुजूर, पाटन थाना के वरूण कुमार एवं हवलदार शिवलाल राम, आरक्षी कमरूद्दीन बैठा, प्रदीप राम एवं सशस्त्र बल शामिल थे.

Related Articles

Back to top button