
Jamshedpur : पीरियड के दिनों में महिलाओं के स्वास्थ्य और साफ-सफाई को लेकर काफी बातें होती हैं. शहरों के स्लम इलाकों और गांवों में शिक्षा और जागरूकता के अभाव में अभी भी बड़ी संख्या में महिलाएं सैनिटरी नैपिकन का इस्तेमाल करने से कतराती हैं. लेकिन इसका एक बड़ा कारण इन नैपकन्स का महंगा होना भी है. लेकिन अब इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं, क्योंकि अब मात्र एक रुपये में ऐसी महिलाएं भी अपनी सेहत और सफाई का ख्याल रख सकती हैं. जमशेदपुर में पीएम जन औषधि केंद्र पर मात्र एक रुपये में एक सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध है. ऑक्सो-बॉयोडिग्रेडेबल नामक यह नैपकिन जमशेदपुर सदर अस्पताल और बागबेड़ा के जन औषधि केंद्रों पर आसानी से खरीदा जा सकता है. शहर से सटे आदित्यपुर में भी जन औषधि केंद्र है.
ऑक्सो-बॉयोडिग्रेडेबल नैपकिन के पैक 4 तथा 10 रुपये के वेरियंट में उपलब्ध हैं. चार रुपये के पैकेट में चार पैड तथा 10 रुपये के पैकेट में 10 पैड होते हैं. इन नैपकिन्स की खासियत यह है यह ससस्ता तो है ही और इससे पर्यावरण पर किसी प्रकार का दुष्प्रभाव भी नहीं पड़ता है. बायोडिग्रेडेबल होने के कारण यह जैविक रूप से नष्ट हो जाते हैं. इसकी टेस्टिंग एएसटीएम डी-6954 मानकों पर की गयी.
सरकार द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किये जाने पर जन औषधि केंद्र पर मिल रहे सैनिटरी पैड का इस्तेमाल व्यापक स्तर पर होगा. हालांकि पैड की कीमत कम होने के चलते इसकी बिक्री धीरे-धीरे बढ़ रही है.
अजीत सिंह, संचालक, जन औषधि केंद्र आदित्यपुर
हालांकि अब भी बहुत सी महिलाओं व युवतियों को इस पैड के बारे में जानकारी नहीं है. इस कारण विभिन्न ब्रांड के महंगे पैड खरीदने पड़ते हैं. बाजार में बड़ी कंपनियों के एक सैनिटरी पैड की कीमत प्रति पैड 7 से 9 रुपये पड़ती है, जो जन औषधि केंद्र पर मिल रहे पैड की कीमत से 7 से गुना ज्यादा है. सरकार की कोशिश है कि जन औषधि केंद्रों के माध्यम से गरीब महिलाओं तक इसे पहुंचाया जाये. औषधि केंद्र के संचालकों के अनुसार व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने से महिलाएं इस पैड के बारे में कम जानती हैं. सरकार को चाहिए कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराये. अभी अधिकांश लोग यह ही नहीं जानते कि जन औषधि केंद्र कहां स्थित हैं. देशभर में कुल 6300 से अधिक पीएम जन औषधि केंद्र हैं, जिनमें जमशेदपुर में केवल 2 ही हैं. इनकी शुरुआत 4 जून 2018 को की गयी थी. तीन साल बाद भी अधिकांश महिलाओं को इस पैड के बारे में जानकारी नहीं है.
जन औषधि केंद्र पर सैनिटरी पैड की बिक्री पहले से बढ़ी है आंगनबाड़ी के माध्यम ग्रामीण स्तर पर महावारी स्वच्छता को लेकर महिलाओं को सैनिटरी पैड के इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है. सरकार द्वारा जिले के हर ब्लॉक में जन औषधि केंद्र खोलने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि इसका लाभ दूर गांव में रह रहे लोग उठा सकें.
एके लाल, सिविल सर्जन जमशेदपुर
इसे भी पढ़ें – Palamu : झारखंड-बिहार की सीमा पर नग्न अवस्था में मिली युवती की लाश, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका




