
Ghatshila : पोटका थाना क्षेत्र के हेंसल बिल पंचायत अंतर्गत छोटा सीगदी में प्रेम विवाह के दुखद अंत का एक मामला सामने आया है. शायद किसी ने सोंचा नहीं था कि जिस रेखा रजक वहां के आलोक रजक से प्यार किया और ब्याह रचाया. वह एक दिन फांसी के फंदे से लटकी पायी जाएगी. हालांकि हुआ कुछ ऐसा ही, उसका फंदे से लटका शव पाये जाने पर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद रेखा के मायकेवाले घटना स्थल पहुंचे. उन्होंने ससुरालवालों पर दहेज की खातिर रेखा को मारकर फंदे से लटका देने का आरोप लगाया. ताकि मामले को आत्महत्या का रुप दिया जा सके. इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. मामले की जांच में जुटी पुलिस ने रेखा के पति आलोक को हिरासत में ले लिया है. वहीं आगे मामले की पुलिस जांच जारी है.
शादी के बाद से प्रताड़ित करने का है आरोप
रेखा के मायके पक्ष का कहना है कि लॉकडाउन में उसका विवाह आलोक से हुआ था. उसके बाद से ही ससुरालवाले उसे प्रताड़ित करने लगे. कभी पलंग तो कभी ड्रेसिंग टेबल देने की मांग को लेकर रेखा को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था. इससे रेखा काफी परेशान रहती थी. उधर रेखा के मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिससे वह उसके ससुरालवालों की मांग पूरी कर सके. इस कारण उन लोगों की भी परेशानी काफी बढ़ गई थी. इसका नतीजा रेखा की मौत के रुप में सामने आया.
घटना के बाद छोटा देवर हो गया फरार
इधर घटना के बाद से ही रेखा का छोटा देवर फरार बताया जा रहा है. इस रेखा के पिता ने उसकी सास, ससुर, देवर एवं पति पर रेखा की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से उन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद मामले के खुलासे की उम्मीद जतायी जा रही है.
ये भी पढ़ें–जमशेदपुर : मिष्ठान भंडार के संचालक से उधार का रुपया मांगना पड़ा महंगा, कर दी पिटायी




