Jamshedpur

शराब के लिए रुपये नहीं मिलने पर पत्नी का गला घोंटा, छह दिनों बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे

Jamshedpur :  चाकुलिया थाना अंतर्गत आदिवासी टोला के रहने वाले भरत हांसदा ने अपनी पत्नी की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि जब उसने पत्नी से शराब पीने के लिए रुपये मांगे तो पत्नी ने उसे नहीं कमाने का ताना दे दिया. घटना शनिवार की है. पत्नी बसंती देवी की हत्या कर आरोपी पति फरार हो गया था, लेकिन मामले की जांच में जुटी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. शुक्रवार को पुलिस ने भरत हांसदा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी बंसती मजदूरी कर घर चलाती थी, जबकि वह कोई काम नहीं करता था. इस बात को लेकर आए दिन घर में विवाद होता था. इसकी एक बड़ी वजह भरत की शराब पीने की लत भी थी.

खुद नहीं कमाता था आरोपी

इस बीच शनिवार को भरत ने अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए रुपये मांगे. इसपर पत्नी ने उसकी कमाई धमाई को लेकर उसे झिड़कते हुए ताना दिया था. इस बात से भरत इतने गुस्से में आ गया कि पहले अपनी पत्नी को बांस से मारकर घायल कर दिया, फिर उसी की साड़ी उसके गले में लपेटकर उसकी जान ले ली.

घटना के बाद से था फरार

घटना के बाद वह भागकर अपनी मां के पास चला गया. वहां से मां का मोबाइल लेकर वह फरार हो गया था. इस बीच गांव वालों ने बसंती को दो दिन से नहीं देखने पर कुछ अजीब सा लगा. वे भरत के घर पहुंचे. उन्होंने घर भी बंद पाया. इसे लेकर गांव वालों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने घर का दरवाजा तोड़ा तो भीतर का दृश्य देखकर आवाक रह गए. बसंती का शव घर में पड़ा हुआ था. घटना की सूचना चाकुलिया पुलिस को दी गई. इस संबंध में थाना में मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई और आखिरकार घटना का पर्दाफाश करने में पुलिस सफल रही.

इसे भी पढ़ें- कारोबारी का नहीं हुआ था अपहरण, पुलिस पूछताछ के लिए उठा ले गयी थी…

 

Related Articles

Back to top button