
Ranchi: राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि हमारे देश में विभिन्न जाति, धर्म व संप्रदाय के लोग सौहार्दपूर्वक रहते हैं. जिनकी भाषा, संस्कृति, रीति-रिवाज़ अलग-अलग है, फिर भी हम सभी एक हैं और यही विविधता में एकता हमारी शक्ति व प्रगति की आधारशिला रही है. राज्यपाल श्री राधाकृष्णन आज सिक्किम राज्य के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजभवन में आयोजित “सिक्किम राज्य स्थापना दिवस समारोह’ के अवसर बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इस खूबसूरत प्रदेश का समृद्ध इतिहास रहा है. यहाँ की संस्कृति जीवंत है तथा लोक-कला समृद्ध है.
सिक्किम ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है
राज्यपाल ने झारखण्ड में निवास कर रहे सिक्किम के लोगों से संवाद करते हुए कहा कि सिक्किम ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है. पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में यह राज्य अग्रणी रहा है. साथ ही इस राज्य ने पर्यटन के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है. इस प्रदेश का जैविक कृषि के क्षेत्र में किए गए अद्वितीय प्रयास ने पूरे विश्वपटल पर अमिट पहचान स्थापित की है. जैविक कृषि की दिशा में राज्य के द्वारा किये गए कार्य अत्यंत ही प्रशंसनीय है जो देश के बाकी हिस्सों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है.
विद्यार्थी जीवन में उनके बहुत से सहपाठी सिक्किम के रहनेवाले थे
राज्यपाल ने कहा कि उनके विद्यार्थी जीवन में उनके बहुत से सहपाठी सिक्किम के रहनेवाले थे और उनकी भावना से उस समय से ही अवगत हैं कि वे अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हैं. उनमें असीम देशभक्ति की भावना निहित है. उन्होंने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि सिक्किम के बहुत से लोग झारखंड राज्य में रह रहे हैं और यहां विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ नितिन कुलकर्णी ने स्वागत भाषण किया.




