
Ranchi: कांके थाना क्षेत्र के आइटीबीपी कैंप सुकुरहट्टू के पास रिंग रोड में तेज गति से आ रही फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गयी. इस दुर्घटना में जहां मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गयी, वहीं तीन व्यक्ति घायल हो गये. दो की हालत गंभीर बनी हुई है. एक व्यक्ति मामूली रूप से घायल है. सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गयी.
मरनेवाले व्यक्ति की पहचान सिमडेगा के रहनेवाले धनी शरण मिश्रा के रूप में की गयी है. वह पेशे से पत्रकार थे. वह अपने दोस्त सिमडेगा निवासी बॉबी खान के साथ उनकी ससुराल कांके गये हुए थे.
इसे भी पढ़ें – BJP सांसद समीर उरांव ने कहा था : जमीन दे दो, सत्ता में आते ही लगा देंगे नौकरी, देखें वीडियो
काफी दूरी तक घिसटते हुए चली गयी कार
फॉर्च्यूनर कार की गति काफी तेज होने के कारण यह हादसा हुआ. कार की गति इतनी तेज थी कि ब्रेक मारने के बाद भी कार काफी दूरी तक घिसटते हुए चली गयी और डिवाइडर को पार करते हुए सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गयी. बताया जा रहा है कि ये लोग जमशेदपुर की ओर से रामगढ़ की तरफ जा रहे थे, इसी क्रम में यह हादसा हुआ. कार में सवार लोग सिमडेगा के बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि गाड़ी बॉबी खान की है. सिमडेगा से परिवार को लोग रिम्स के लिए निकल चुके हैं.
इसे भी पढ़ें – मीडिया की स्वतंत्रता को किस तरह प्रभावित कर रहा है सत्ता पक्ष, संदर्भः अखबारों को मिलने वाले सरकारी विज्ञापन पर बैन!
बारिश के कारण नियंत्रण नहीं रख पाया ड्राइवर
बारिश होने की वजह से तेज गति में आ रही कार का चालक कार को नियंत्रित नहीं कर पाया और स्पीड में ही ब्रेक लगाने के कारण गाड़ी स्किड कर गयी और डिवाइडर को पार करते हुए सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गयी.
इसे भी पढ़ें – पलामू : रजिस्टर-2 से की छेड़छाड़, दो राजस्व कर्मचारियों पर दर्ज हुई एफआइआर



