
Jamshedpur : दुर्गापूजा के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है. पूजा को लेकर शहर में 2600 जवानों की तैनाती की गई है. जबकि सभी थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में भ्रमण करेंगे. इस दौरान असामाजिक तत्वों और मनचलों पर पुलिस की विशेष नजर है. इसके साथ ही पुलिस का जोर बीट पेट्रोलिंग पर रहेगी. इसको लेकर जिले के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किया है.
बीट पेट्रोलिंग के लिए 81 टीम
शहर भर में बीट पेट्रोलिंग के लिए पुलिस की 81 टीम तैयार किए गए हैं. वहीं जिन 2600 जवानों को शहर भर में तैनात किया गया है, उनमें 1100 जवान जिला बल के होंगे. इसके अलावा 1500 अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है. उनकी नजर चप्पे-चप्पे है.
सीसीटीवी से 24 घंटे होगी निगरानी, महिला पुलिसकर्मी की तैनाती
पूजा के माहौल में असामाजिक तत्व और मनचले अपने मंसूबो पर कामयाब न हो, इसको लेकर शहर की सड़कों पर सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी होगी. साथ ही महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है. खासकर बाजार और भीड़-भाड़वाले इलाकों में छेड़खानी और छिनतई जैसी घटनाओं को रोकने के लिए जिला पुलिस ने यह कदम उठाया है. इसके अलावा पूजा कमेटियां सरकार की ओर से जारी गाइड-लाइन का पालन करें, यह सुनिश्चित कराने को लेकर भी पुलिस सतर्क है.
इसे भी पढ़ें-सियाल गुट का राजेश गोप गिरफ्तार, पुलिस ने अबतक 3 को भेजा जेल




