
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले भर में अवैध खनन पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. इसे लेकर शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिले की उपायुक्त विजया जाधव के नेतृत्व में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई. इस बैठक में एसएसपी, डीएफओ सहित तमाम पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे.
इस संबंध में जानकारी देते हुए एडीएम लॉ एंड ऑर्डर एनके लाल ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के बाद अवैध खनन को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है. इसी के तहत आयोजित बैठक में सभी पदाधिकारियों को खनन विभाग से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गयी, ताकि जिले में अवैध खनन पर नकेल कसी जा सके. उन्होंने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टास्क फोर्स बनाये गये है. जिसमें वन विभाग के पदाधिकारियों की भी तैनाती की गयी है. साथ ही जगह-जगह चेक नाका बनाये जा रहे है. सभी चेकपोस्ट पर दंडाधिकारी की तैनाती की जा रही हैं. चालान कैसे काटना है, किस तरह से जुर्माना वसूलना है और कैसे अवैध खनन पर रोक लगाना है, इस संबंध में विस्तार से चर्चा की गयी एवं उसी के अनुरूप कार्य करने का निर्देश सभी पदाधिकारियों को दिया गया है. उन्होंने बताया कि जिले की उपायुक्त अवैध खनन को लेकर बेहद गंभीर है और किसी भी कीमत पर अवैध खनन ना हो, इसके लिए उन्होंने सभी पदाधिकारियों को विशेष हिदायत भी दी है.




