
Latehar : महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत ग्राम करकट के समीप जंगल में जंगली भालू के हमले से तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना 2:30 बजे की है जब करकट निवासी अमरदीप बेक (17 वर्ष) पिता क्रिस्टोफर बैक, रोहित मुंडा(22वर्ष) पिता सोमरा मुंडा और सुशील नगेसिया अपने कुछ साथियों के साथ पास के जंगल में मवेशी चराने गए थे. इसी दौरान अचानक तीन जंगली भालुओं ने युवकों पर हमला कर दिया. जिसमें तीनों युवकों के सिर एवं हाथ पैर जख्मी हो गये. जिसके बाद साथ में गए साथियों की मदद से जान बचाकर भागने में सफल हो पाए. स्वजनों के द्वारा दोनों घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों को गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया. वहीं एक युवक को हल्की खरोंच आई. मौके पर वनकर्मी कुणाल सिंह ने पहुंचकर मुआवजे के लिए कागजी कार्रवाई की. वहीं ग्रामीणों से अपील की कि जंगलों में घुसने का प्रयास न करें.



