
Ranchi/Latehar: 19वीं मनरेगा दिवस के अवसर पर ग्राम स्वराज मजदुर संघ एवं नरेगा सहायता केंद्र के द्वारा मनिका (लातेहार) में रैली व प्रखण्ड परिसर में जागरूकता सम्मेलन किया गया. रैली मनिका हाई से शुरू होकर प्रखण्ड कार्यालय परिसर में पहुच कर रैली सम्मलेन में तब्दील हो गई.
इसमें मनिका के विभिन्न गाँव से सैकड़ों के संख्या में मनरेगा मजदूर ढोल, नगाड़ा और मनरेगा से सम्बंधित तख्ती के साथ शामिल हुए. हर हाथ को काम दो, काम का पूरा दाम दो के नारों के साथ भागीदारी की. सम्मेलन संबोधित करते हुए नरेगा वॉच के राज्य संयोजक जेम्स हेरेंज ने कहा कि महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के लागू हुए 19 वर्ष पूर्ण हो गये हैं. बीते लगभग 2 दशकों में इस महत्वाकांक्षी योजना से गाँव में अनेक टिकाऊ परिसंपति सृजित हुई है. मजदूरों ने काम के अधिकार का लाभ उठाया है. कई परिवार ऐसे हैं जिनके जमीन पर कुएं, तालाब, आम बागवानी, पशु शेड निर्मित हुए हैं. उन परिवारों ने दूसरी और कई लोग तीसरी फसलों का लाभ भी लेना शुरू कर दिया है. लेकिन हाल के कुछ वर्षों से मनरेगा में अत्यधिक तकनीकों के इस्तेमाल, मजदूरों को बगैर कोई जानकारी दिए उनके जॉब कार्ड को रद्द कर देना, कम मजदूरी दर, लगातार केन्द्रीय बजट आवंटन में कटौती, ग्राम पंचायतों की संवेदनहीनता जैसे अनेक कारणों के चलते मजदूरों की परेशानियाँ बढ़ी हैं. मनरेगा में नेशनल मोबाईल मॉनीटरिंग सिस्टम, आधार आधारित भुगतान प्रणाली, ड्रोन से मजदूरों की निगरानी जैसे तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर करने की गारंटी की जानी चाहिए. ग्राम स्वराज मजदूर संघ के भूखन सिंह ने कहा कि मनरेगा मजदूरों के लिए सबसे महत्वपूर्ण कानून है. जिस तरह से मजदूरों ने मनरेगा कानून को लड़ कर लिया है, आज उसे बचाने के लिए संघर्ष करने की जरुरत है क्योंकि मनरेगा बिचौलियों और तकनीक के गिरफ्त में चली गई है. इसे बचाने के लिए मनरेगा मजदूरों को संघर्ष करना जरुरी है. उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार से मांग करते कहा कि मनरेगा में मजदूरी बहुत ही कम है. उसे बढ़ा कर प्रति दिन 800 रूपये किया जाये, इससे मजदूरों को सम्मानजनक मजदूरी सुनिश्चित हो सकेगी. वर्ष 2009 में देश का पहला नरेगा लोक अदालत लगा था जिसमें कोपे व जेरुआ के 72 मजदूरों को बेरोजगारी भत्ता मिला था. सम्मेलन में दिलीप रजक ने कहा कि राज्य के विभागीय मंत्री को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मनरेगा अन्तर्गत चलायी जा रही योजनाओं को ग्राम सभा के सहयोग से व ग्राम सभा कर जंगल के वन भूमि में योजना ली जाये. यह ग्रामीणों व मजदूरों को आजीविका के लिए वरदान साबित होगा. केंद्र सरकार मनरेगा में बजट में लगातार कटौती कर साजिश के तहत मनरेगा को बंद करना चाहती है, इससे सीधे तौर पर दलित और आदिवासी सामुदाय के मजदूर प्रभावित हो रहे हैं. सम्मेलन को सीमा देवी,श्रीराम प्रजापति सहित दर्जनों मनरेगा मजदूरों व कार्यकर्ताओं ने कहा कि मनरेगा में बिचौलिया व तकनीकी प्रयोग के अधिक उपयोगिता का विरोध किया जाएगा.




