
Jamshedpur : शहर से सटे कपाली ओपी अंतर्गत गौसनगर में 20 वर्षीय आफरीन परवीन की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति कलाम अंसारी, सास इकलून बीबी और ससुर इस्लाम अंसारी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है. इस मामले में आफरीन के पिता मो. कमरुद्दीन ने उक्त सभी के खिलाफ दहेज हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मालूम हो कि गत सोमवार सुबह आफरीन परवीन घर में ही फंदे से लटकती पाई गई थी. उसके बाद से ही मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाना शुरु कर दिया था. उनका कहना था कि शादी के बाद से आफरीन को ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे. इसकी शिकायत वह कई बार मायके में भी कर चुकी थी. इस मामले में एक बार समझौता भी कराया गया था, बावजूद इसके आफरीन की दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया.




