
Palamu: जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बंका नदी पुल से पहले बरवाडीह के आसपास हुई लूट मामले का पुलिस ने उदभेदन किया है. पुलिस ने इस सिलसिले में तीन लुटेरों को जहां गिरफ्तार किया है, वहीं लूटी गई स्कूटी, आइफोन, मोबाइल फोन, लूट में इस्तेमाल एक देशी कट्टा और बाइक बरामद की है. बताते चलें कि गत 24 जून को बरवाडीह के आसपास तीन अज्ञात अपराधियों ने मेदिनीनगर के सुदना के सुरेश दुबे से लूटपाट की थी. मोबाइल, स्कूटी, बैग, 38 हजार रूपए नगद लूट लेने के संबंध में पाटन थाना में कांड संख्या 104/23 दिनांक 25 जून 2023 धारा 394 के अंतर्गत मामला दर्ज कराया गया था.
इसे भी पढ़ें: पलामू: थोक सब्जी मंडी हटाने के लिए व्यवसायियों ने काला बिल्ला लगाकर निकाला मौन जुलूस
मंगलवार को सदर एसडीपीओ कार्यालय में एएसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि एसपी की अध्यक्षता में टीम गठित कर उक्त कांड के उदभेदन के लिए अनुसंधान किया जा रहा था. इसी क्रम में 17 जुलाई को मामले में सफलता मिली. लूटेरों का एक सदस्य 18वर्षीय आनंद कुमार को पहले गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर सरगना राहुल कुमार की भूमिका सामने आई. राहुल को भी गिरफ्तार किया गया और उसके पास से लूट में इस्तेमाल देशी कट्टा को बरामद किया गया. बता दें कि राहुल पूर्व में भी लूटकांड में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ चार मामले दर्ज हैं.
उन्होंने बताया कि उपरोक्त कांड के तीसरे आरोपी सरोज कुमार उर्फ सूरज (18वर्ष) को पकड़ा गया. आरोपियों की निशानदेही पर कांड में लूटी गई स्कूटी, तीन मोबाइल एवं एक बैग बरामद किया गया. तीनों की भूमिका उपरोक्त कांड में सामने आई है और सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. राहुल नावाजयपुर के कोल्हुआ, सरोज कुमार उर्फ सूरज पाटन के करर कला एवं आनंद कुमार इसी थाना क्षेत्र के किशुनपुर का निवासी है. गिरफ्तारी टीम में पाटन के थाना प्रभारी गुलशन गौरव, पु.अ.नि. राबिन्स कुमार, स.अ.नि. सह किशुनपुर ओपी प्रभारी कुमार नीरज एवं जवान शामिल थे.




