
Ranchi: झारखंड हाई कोर्ट ने बरियातू के चेशायर होम रोड के एक एकड़ जमीन फर्जीवाड़े मामले में आरोपी मोहम्मद अफसर अली की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान ट्रायल की धीमी गति पर कोर्ट ने असंतुष्टि जताई है. कोर्ट ने ईडी से ट्रायल में देरी का कारण पूछा है, इससे पहले प्रार्थी की ओर से कोर्ट को बताया गया था कि प्रार्थी 14 अप्रैल 2023 से न्यायिक हिरासत में जेल में है, मामले में भी अभी आरोप गठित नहीं हुआ है. इस मामले में ईडी ने ईसीआईआर 5 /2023 दर्ज किया है. कोर्ट ने ईडी को जवाब दाखिल करने का समय देते हुए मामले के अगली सुनवाई 7 फरवरी निर्धारित की है. वहीं बरियातू स्थित 4.55 एकड़ सेना के कब्जे वाली जमीन की खरीद-बिक्री मामले में आरोपी मोहम्मद अफसर अली की ओर से दायर जमानत याचिका की भी सुनवाई झारखंड हाई कोर्ट में हुई. मामले में कोर्ट ने ईडी को जवाब दाखिल करने के लिए 3 सप्ताह का समय दिया है.
बता दें कि बरियातू स्थित 4.55 एकड़ सेना के कब्जे वाली जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में ईडी ने ईसीआईआर 1/2023 दर्ज किया है. जिसमें रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन, कारोबारी विष्णु अग्रवाल, बड़गाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, फर्जी रैयत प्रदीप बागची, जमीन कारोबारी मो अफसर अली, इम्तियाज खान, तल्हा खान, फैयाज खान व मोहम्मद सद्दाम,अमित अग्रवाल और दिलीप घोष के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया गया है. वहीं बरियातू रोड स्थित चेशायर होम रोड स्थित 1 एकड़ की फर्जीवाड़ा मामले में न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल, रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन, प्रेम प्रकाश, राजेश राय एवं भारत प्रसाद, इम्तियाज अहमद, अफसर अली सहित 10 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हो चुका है.




