JharkhandRanchi

राज्य में इस साल सामान्य से अधिक बारिश की संभावना, 13 जून के बाद मानसून का आगमन संभव

Ranchi :  तेज धूप और उमस से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल है. इसी बीच लोगों को इंतजार है कि इस बार झारखंड में मानसून कब दस्तक देगी. चिलचिलाती गर्मी के बीच बारिश लोगों को ठंडक का एहसास देगी. वहीं, अच्छी फसल के लिये भी समय पर मानसून का आना जरूरी है. भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो इस बार मानसून केरल तट से 28 मई से तीन जून के बीच टकरायेगी. हालांकि सामान्य परिस्थितियों में मानसून एक जून को केरल तट से टकराती है.

लेकिन इस बार संभावना है कि मानसून जल्दी ही केरल तट से टकराये. जबकि झारखंड में मानसून की दस्तक 13 जून के बाद होने की संभावना है. सामान्य परिस्थितियों में मानसून की दस्तक 15 से 20 जून के बीच होती है. लेकिन इस बार मानसून राज्य में दो दिन पहले पहुंच सकता है. इसके लिये मौसम विज्ञान केंद्र ने भी सूचना जारी की है. जिसमें बताया गया है कि पश्चिम बंगाल में मानसून 7 से 13 जून के बीच आ सकता है. जो बंगाल की खाड़ी में अंडमान होते हुए आता है. ऐसे में झारखंड में भी इस बार मानसून पहले आने की संभावना है.

सामान्य से अधिक बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो इस बार सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है. पिछले साल संभावनाओं के विपरित 36 फीसदी कम बारिश हुई थी. इस साल राज्य में अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है. बता दें पिछले साल अल नीनो का प्रभाव देश भर में देखा गया था. पिछले दिनों अल नीनो का प्रभाव देश में खत्म हुआ. अल नीनो के प्रभाव में बारिश कम होती है. जबकि अब ला नीनो का प्रभाव देखा जा रहा है. इसमें अधिक बारिश की संभावना है.

किस साल कितनी बारिश

2020 में 902.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी. 2021 में 1041.5, वर्ष 2022 में 817.6 मिमी, जबकि 2023 में 503.3 मिमी ही वर्षा रिकार्ड की गयी. जो कि सामान्य से काफी कम है. राज्य में पिछले 10 सालों में एकाध सालों में किसी भी साल पर्याप्त वर्षा नहीं दर्ज की गयी. राज्य की भौगोलिक दशाओं के अनुरूप औसतन वार्षिक वर्षा 125 से 150 सेमी तक होती है. वर्षा का अधिकांश भाग जून से सितंबर के बीच प्राप्त होता है.

Related Articles

Back to top button