
Ranchi: दुमका के गोपीकांदर थाना पुलिस ने बड़ापाथर जाहेर थान नजदीक से कट्टा के साथ तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के निशानदेही पर कारुडीह हाई स्कूल में चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने किया है. बीते रविवार की रात गैस कटर से स्कूल का दरवाजा काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था. गिरफ्तार आरोपी में गोपीकांदर थाना क्षेत्र के प्रदीप मुर्मू, सजीत मुर्मू और दिलीप मुर्मू का नाम शामिल है.


इसे भी पढ़ें- धनबाद के सरायढेला में बालाजी ज्वेलरी दुकान से लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
आरोपी के पास से तीन देशी कट्टा, तीन मोबाईल, 17 डेक्सटॉप, सोलह माउस, तीन सीसीटीवी कैमरा, 13 कीबोर्ड, 16 हेड फोन, 14 छोटा सीपीयू, एक बड़ा सीपीयू, 14 सीपीयु चार्जर, 12 डेस्कटॉप चार्जर, एक फिन्गर प्रिन्ट मशीन, 11 सीपीयू डेस्कटॉप जोड़ने वाला केबल, छः टूटा ताला, तीन हेक्सा ब्लैड और दो कटर पुलिस ने बरामद किया है. पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि बड़ापाथर गांव के जाहेर थान के बाउन्ड्रीवाल के समीप कुछ अज्ञात व्यक्ति रात को संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए है.
सूचना पर गोपीकान्दर थाना पुलिस बड़ापाथर स्थिति जाहेर थान के पास पहुँची तो कुछ व्यक्ति जाहेर थान के बाउन्ड्रीवाल के समीप दिखाई दिये. पुलिस बल ने घेराबंदी कर प्रदीप मुर्मू, सजीत मुर्मू और दिलीप मुर्मू को दबोच लिया. तीनों आरोपी के पास से तीन देशी कट्टा और मोबाईल बरामद किया गया. मामले को लेकर गोपीकान्दर थाना (कांड सं-08 / 24) आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. वहीं आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में कारुडीह हाई स्कूल में चोरी की घटना को अंजाम दिये जाने की बात बताई. इसके बाद आरोपी के निशानदेही पर कारूडीह हाई स्कूल से चोरी का सामान बरामद किया गया.




