
Khunti: पुलिस ने संदीप टोप्पो हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है. इस मामले में पुलिस ने मृतक संदीप की पत्नी खुशबू तिर्की (सुंडील, रातू) और उसकी सहेली प्रिया कुमारी (दीवान टोली, बसिया) समेत प्रदीप कुजूर, पवन लकड़ा, रोनित कुजूर( तीनों आकाशी, पकड़ीटोली, डुमरी) और सुमन सागर कुजूर (केडेग, चैनपुर) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त हॉकी स्टिक के साथ मोबाइल फोन, जैकेट, नगद 25500 रुपए, डिस्पोजल ग्लास, घड़ी का टूटा चेन और दो कार बरामद भी बरामद किया है.
बता दें कि 17 फरवरी को कर्रा रांची रोड पर छाता नदी के पास अपराधकर्मियों ने हॉकी स्टिक और धारदार हथियार से मार कर संदीप टोप्पो की हत्या कर दी थी. हत्या के वक्त मृतक संदीप टोप्पो की पत्नी खुशबू तिर्की भी साथ थी. पुलिस अनुसंधान में यह बातें सामने आई है कि खुशबू तिर्की नेशनल लेबल कुश्ती प्लेयर थी. जिसकी नौकरी डुमरी के स्कूल में लगी. खुशबू की शादी संदीप टोप्पो से हुई थी. लेकिन डुमरी स्कूल में नौकरी करते हुए स्कूल के एकाउंटेंट प्रदीप कुजूर से प्रेम हो गया. प्रदीप का खुशबू के ससुराल आना जाना भी होने लगा.. यह सबकुछ संदीप को नागवार गुजरने लगा. संदीप ने अपनी पत्नी को नौकरी छोड़ने को कहा. इस बात को लेकर दोनों में नोकझोंक होने लगी और खुशबू का झुकाव प्रदीप कुजूर की ओर हो गया.. जिसके बाद प्रदीप और खुशबू ने संदीप को रास्ते से हटाने का निर्णय लिया. इसके लिए प्रदीप कुजूर ने चार लोगों को दो लाख रुपए में संदीप की हत्या की सुपारी दे दी थी. हत्या के दिन खुशबू की सहेली प्रिया लगातार खुशबू से बात कर लोकेशन लेकर प्रदीप कुजूर को दे रही थी. जिसके बाद प्रदीप कुजूर ने कर्रा रांची रोड पर छाता नदी के पास संदीप की कार रुकवाई. संदीप के साथ बैठकर दारू पीया और जब संदीप को ज्यादा नशा हो गया तो पांचों ने मिलकर संदीप को पहले हॉकी स्टिक से मारकर घायल कर दिया और फिर लगभग पंद्रह फीट दूर झाड़ियों के बीच संदीप का गला काटकर हत्या कर दी. जिसके बाद मृतक की पत्नी को ओरमांझी में ले जाकर छोड़ दिया. इस मामले में एक आरोपी जिसने सुपारी की राशि ली थी उसकी गिरफ्तारी बाकी है.
इस कांड का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ़्तारी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा के खिस्तोफर केरकेट्टा, तोरपा अंचल के पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, कर्रा थाना प्रभारी पुअनि मनीष कुमार, पुअनि राजू कुमार थाना प्रभारी जरियागढ़, पुअनि जुगेश सिंह, अनुसंधानकर्ता कर्रा थाना, पुअनि दिपक कान्त कुमार कर्रा थाना, पुअनि निशा कुमारी, कर्रा थाना सहित कर्रा थाना सशस्त्र बल व तकनीकी शाखा शामिल थे.




