
Ranchi: 18 मई को जेएससीए प्रबंधन समिति के लिए चुनाव होगा. इसके लिए ‘द टीम’ के सभी प्रत्याशियों ने सोमवार को जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम परिसर, रांची में नामांकन दाखिल किया.
‘द टीम’ से नामांकन दाखिल करने वाले जेएससीए सदस्यों का विवरण
अध्यक्ष: अजय नाथ शाहदेव
उपाध्यक्ष: संजय पांडे
सचिव: सौरभ तिवारी (पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर)
सहसचिव: शाहबाज नदीम (पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर)
कोषाध्यक्ष: अमिताभ घोष
मैनेजिंग कमेटी
संजय जैन, रमेश कुमार, मिहिर प्रीतेश तोपनो, परवेज खान, रत्नेश कुमार सिंह
स्कूल एंड क्लब रिप्रेजेंटेटिव : उमा महेश्वर राव
मौके पर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अजय नाथ शाहदेव ने बताया कि जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष स्व अमिताभ चौधरी के पदचिन्हों पर चलते हुए जेएससीए की गरिमा का निर्वहन करते हुए इसके उद्देश्यों को पूरा करना हमारा मकसद है. राज्य में क्रिकेट के उत्तरोत्तर विकास और झारखंड के प्रत्येक जिले में खिलाड़ियों को बेहतर साधन संसाधन के आगे बढ़ाने व तराशने के लिए हम कृतसंकल्प हैं.
रांची में क्रिकेट स्टेडियम बनने के बाद यह पहला चुनाव है जब हम सबके बीच अमिताभ चौधरी नहीं हैं. उनकी कमी हम बेहद महसूस कर रहे हैं. स्व चौधरी ने झारखंड में क्रिकेट को बुलंदियों तक पहुंचाने का सपना देखा था, जिसे उन्होंने अपने मेहनत व लगन से पूरा किया. हम सौभाग्यशाली हैं कि हमने उनके साथ काम किया. उनके बहुत सपने जो अधूरे रह गये हैं, उसे पूरा करने के लिए हमसब कृतसंकल्पित हैं.
श्री शाहदेव ने बताया कि जेएससीए की गरिमा को अक्षुण्ण रखने व राज्य में क्रिकेट के विकास के लिए वे चुनाव लड़ रहे हैं. जेएससीए के सभी सदस्यों का साथ व आशीर्वाद उनके साथ है.
‘द टीम’ के बारे में उन्होंने बताया कि यह एक संपूर्ण टीम है जिसमें झारखंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी सचिव पद के प्रत्याशी हैं वहीं पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शाहबाज नदीम ने सह सचिव पद के लिए नामांकन दाखिल किया है. अनुभवी लोगों की टीम है जो काफी वर्षों से झारखंड में क्रिकेट के विकास के लिए जेएससीए को अपना योगदान व साथ देते आ रही है. नामांकन दाखिल करत समय जेएससीए के निवर्तमान अध्यक्ष संजय सहाय, उपाध्यक्ष डॉ नरेंद्र सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष डॉ नफीस अख्तर खान, राजेश वर्मा बॉबी, सुनील साहू,पी एन सिंह, राजीव बधान, असीम कुमार सिंह,जय कुमार सिन्हा, विनय बिहारी कर्ण, क्रिकेटर इशांक जग्गी, क्रिकेटर मोनू सिंह, मनोज यादव, विजय पुरी, शैलेन्द्र कुमार, उमा जायसवाल, उदय साहू, अरविंद सिंह, सुरेश कुमार एवं काफी संख्या में जेएससीए के सदस्यगण भी उपस्थित थे.
बाबूलाल ने JSCA का निष्पक्ष चुनाव कराने में सीएम हेमंत से की हस्तक्षेप की अपील
Ranchi: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के चुनाव में प्रशासनिक प्रभाव एवं हस्तक्षेप को रोककर पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के सम्बन्ध में सीएम हेमंत से अपील की है. उन्हें लेटर लिखकर कहा है कि झारखण्ड में 18 मई को झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) का चुनाव होना है. चुनाव में सरकारी तंत्र के दुरुपयोग एवं प्रभावशाली प्रशासनिक अधिकारियों और व्यक्तियों द्वारा चुनाव को प्रभावित करने की गंभीर स्थिति दिख रही. JSCA का चुनाव 18 मई को प्रस्तावित है, जिसके लिए 12 एवं 13 मई को नामांकन तथा 14 मई को नाम वापसी की तिथि निर्धारित है. किन्तु आज के समाचार पत्रों में प्रकाशित रिपोर्ट्स और मैदान से मिल रही सूचनाओं से स्पष्ट हो रहा है कि यह चुनाव एक खेल संघ का चुनाव न होकर प्रशासनिक पद के दुरुपयोग का रूप लेता जा रहा है. सरकारी सेवा में लगे अधिकारी चुनाव प्रचार के लिए खुलेआम घूम रहे हैं तथा प्रशासनिक तंत्र का खुले तौर पर दुरुपयोग कर रहे हैं. ये सरकारी अधिकारी अपने पद, प्रभाव एवं सुविधाओं का इस्तेमाल कर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं, जो पूर्णतः अवैध, अनैतिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध है. बाबूलाल ने सीएम से कहा है कि वे स्वयं जानते हैं कि पूर्व में भी JSCA के चुनावों में सत्ता का दुरुपयोग होता रहा है, जिसके कारण चयन प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद को बढ़ावा मिला है. इसका सीधा प्रभाव राज्य के योग्य एवं मेहनती खिलाड़ियों के अवसरों पर पड़ा है, जिससे वे हतोत्साहित एवं निराश हुए हैं. JSCA के चुनाव में ऐसे लोगों के कब्जे से यह भी देखा गया है कि एसोसिएशन की संपत्ति और संसाधनों का मनमाने ढंग से दुरुपयोग होता है. अपने प्रभाव से ये लोग वर्षों तक पदों पर बने रहते हैं और अपने चहेते लोगों को सदस्य बनाकर संगठन को भ्रष्टाचार का केंद्र बना देते हैं.
इस स्थिति में अत्यंत आवश्यक है कि JSCA के पदाधिकारियों का चयन पूर्णतः स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो, ताकि खेलप्रेमियों का मनोबल बना रहे और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गर्व से ऊँचा हो सके. बाबूलाल ने सीएम से आग्रह करते कहा है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के सरकारी हस्तक्षेप, पद प्रभाव एवं सरकारी सुविधा के दुरुपयोग को अविलंब रोका जाए. ऐसे सरकारी अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए जो चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं. मतदान के दिन कड़ी विधि-व्यवस्था की व्यवस्था की जाए ताकि सदस्य निर्भीक होकर मतदान कर सकें. चुनाव आयोग या किसी स्वतंत्र संस्था की निगरानी में यह चुनाव सम्पन्न कराया जाए ताकि इसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके. JSCA राज्य का एक प्रतिष्ठित खेल संगठन है और इसकी साख को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है. यदि अभी हस्तक्षेप नहीं किया गया तो झारखण्ड क्रिकेट की पहचान और गुणवत्ता दोनों पर खतरा मंडराने लगेगा.



