
Ranchi : गुरुवार को झारखंड को 9400 करोड़ से अधिक की सड़क, एलिवेटेड रोड और आरओबी की सौगात मिली. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों रांची और जमशेदपुर में लोकार्पण, शिलान्यास हुआ. पर इसमें राज्य सरकार की ओर से कोई भी उपस्थित नहीं हुआ जो चर्चा का विषय बना. हालांकि आज ही विधानसभा में इसे लेकर मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने आपत्ति जताते हुए कह दिया था कि वे इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बनेंगे. केंद्र की ओर से राज्य सरकार को नीचा दिखाने की यह कोशिश है. पूर्व में वे सरकार की ओर से इसमें शामिल होनेवाले थे पर अब वे मंच साझा नहीं करेंगे. इसके बाद आखिरकार वही हुआ. न तो सत्ता पक्ष का कोई मंत्री इसमें शामिल हुआ न ही कोई विधायक. आमंत्रण सत्ता पक्ष के मंत्री मिथिलेश ठाकुर के अलावा रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, जोबा मांझी, बन्ना गुप्ता, जगरनाथ महतो और सत्यानंद भोक्ता (सभी मंत्री) को दिये जाने की सूचना सामने आयी थी. सांसद शिबू सोरेन, धीरज साहू, महुआ माजी का भी इसमें नाम था. साथ ही विधायक राजेश कच्छप, विक्सल कोंगाड़ी, भूषण तिर्की, विकास मुंडा, कुमार जयमंगल, भूषण बाडा, बैद्यनाथ राम और अन्य के भी नाम थे. पर इनमें से कोई नहीं दिखा. अंततः डायस पर केवल भाजपाई सांसदों, विधायकों के अलावा आजसू पार्टी के विधायक लंबोदर महतो और सुनीता चौधरी दिखीं. ऐसे में लोकार्पण कार्यक्रम “एनडीए प्रोग्राम” का लुक लिए दिखा.
शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा के सांसद दीपक प्रकाश, विद्युत बरन महतो, संजय सेठ, बीडी राम, आदित्य प्रसाद उपस्थित थे. हालांकि लिस्ट में सांसद सुदर्शन भगत, सुनील कुमार सिंह, समीर उरांव, गीता कोड़ा, सीपी चौधरी, धीरज प्रसाद साहू, महुआ माजी का भी नाम था. विधायकों में जेपी पटेल, किशुन कुमार दास, भानु प्रताप शाही, कोचे मुंडा, लंबोदर महतो, सुनीता चौधरी, रामचंद्र चंद्रवंशी उपस्थित थे. इसके अलावा लिस्ट में सबिता महतो, पुष्पा देवी, अनूप सिंह समेत अन्य कई विधायकों का भी नाम था पर वे नहीं दिखे.
इसे भी पढ़ें – सांसद निशिकांत दुबे की याचिका पर हाई कोर्ट ने बिहार और झारखंड सरकार से मांगा जवाब



