
Raniganj: मात्र एक खीरा चुराने के आरोप में 19 साल से युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी. आसनसोल नगर निगम अंतर्गत वार्ड नंबर 91 के लायक बांध मोहल्ले में रहनेवाले रेलवे रेक से माल अनलोडिंग करनेवाले दैनिक मजदूर 19 वर्षीय सोनू सिंह पर आरोप था कि उसने मोहल्ले में अवैध शराब बिक्री करनेवाले सूखेन चौहान उर्फ शुक्ला चौहान के बगीचे से एक खीरा चुराया था. इसी आरोप पर सूखेन ने सोनू की जम कर पिटाई की. उसके बाद उसके सिर पर हथौड़े से वार कर दिया.
इसे भी पढ़ें – NewsWing की खबर पर हुई जांच, DK पांडेय की पत्नी की जमीन की रजिस्ट्री गलत, रद्द होगी जमाबंदी
इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया
पिटाई से गंभीर रूप से घायल सोनू सिंह को इलाज के लिए सबसे पहले रानीगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां से उसे बांकुड़ा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. दो दिन तक हालत में सुधार नहीं देख डॉक्टरों ने उसे कोलकाता के पीजी अस्पताल में रेफर कर दिया. जहां जिंदगी और मौत से जूझते हुए गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया. पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को रानीगंज लाया गया. शव को आरोपी सूखेन चौहान के घर के बाहर रख कर मोहल्लेवासियों ने प्रदर्शन करना आरंभ किया. मोहल्ले की महिलाओं ने शनिवार को रानीगंज थाना पहुंच कर आरोपी सूखेन चौहान के विरुद्ध एफआइआर किया.
इसे भी पढ़ें – बिहार के गिरोह झारखंड में दे रहे लूट, चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम
घर से फरार हो गया आरोपी
सूखेन चौहान अपने पूरे परिवार सहित घर से गायब है. मौके पर पहुंचे भाजपा नेता सुकुमार सिंह तथा कैलाश गोस्वामी ने बताया की लायक बांध हिंदी भाषी बहुल इलाका है एवं इस मोहल्ले में रहनेवाले अधिकतर व्यक्ति दैनिक मजदूरी करते हैं. मोहल्ले में तीन से चार अवैध शराब की दुकानें हैं. जिनमें यहां के युवक दिन भर की अपनी गाढ़ी कमाई शराब लुटा देते हैं. दूसरी ओर इस घटना के पश्चात महिलाओं की क्षतिपूर्ती की मांग को लेकर बढ़ते दबाव को देख कर पुलिस ने एफआइआर लिया. उसके बाद मोहल्लेवालों ने दामोदर नदी स्थित मेजिया घाट में शव का अंतिम संस्कार किया. वहीं दूसरी ओर आरोपी सूखेन चौहान के घर में मौजूद उसकी बूढ़ी मां ने बताया कि वह अपनी दो बेटी के साथ अलग रहती है तथा उसके पुत्र के साथ उसका किसी भी प्रकार का कोई लेना देना नहीं है.
इसे भी पढ़ें – मुसीबत : धरने पर बैठी NRHM की अनुबंध कर्मियों से बात करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री



