
Ranchi : राज्य सरकार के एक सरकारी बंगले में भूत घुस आया था. इस बंगले में भूत होने का दावा किसी और ने नहीं राज्य सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने किया था. उन्होंने कहा था कि बंगले में रात के समय भूत की आवाज आती है. इस कारण वह रात में सो नहीं पाते थे. उनके सरकारी गार्ड भी भूत की आवाज से परेशान रहते हैं. सत्यानंद भोक्ता के दावे में कितनी सच्चाई थी, यह तो किसी को पता नहीं, लेकिन अब सच सामने आ जाने की पूरी संभावना है. क्योंकि राज्य सरकार ने रातू रोड स्थित इस सरकारी आवास को अब मुख्यमंत्री के पूर्व सचिव रहे विनय चौबे को आवंटित कर दिया है. भवन निर्माण विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. वर्तमान में पंचायती राज सचिव के पद पर कार्यरत विनय चौबे अब इस आवास में रहेंगे. अगर विनय चौबे को भी भूत की आवास महसूस होगी तो भोक्ता के दावे को दम मिलेगा. अन्यथा चौबे जी के आने से ही भूत भाग खड़ा होगा. जानकारी के अनुसार सीएम हाउस के बगल में स्थित विनय चौबे को पूर्व में आवंटित आवास को खाली कराया जा रहा है. आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि इस आवास का रिनोवेशन कराया जाएगा. संभवतः मुख्यमंत्री इस आवास का फिलहाल उपयोग करेंगे.



