
Darbhanga : जिले के दरभंगा विश्वविद्यालय थाना में पदस्थापित प्रशिक्षु महिला दरोगा लक्ष्मी कुमारी ने देर रात अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है. घटना श्यामा माई मंदिर परिसर स्थित पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए क्वार्टर में हुई है. इसकी जानकारी शुक्रवार को उस समय मिली जब मृतका लक्ष्मी कुमारी की साथी और प्रशिक्षु एसआई ड्यूटी समाप्त होने पर अपने क्वार्टर पहुंची थी. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें : बचपन की दोस्त रचेल के साथ तेजस्वी ने लिए सात फेरे, देखें कपल की खूबसूत Photos
जानकारी के अनुसार मृतक महिला दरोगा के साथियों ने कमरा खटखटाया. इसके बाद भी जब लक्ष्मी ने कमरा नहीं खोला तो उसने इसकी सूचना वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी. इसके बाद थाना पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुए. उन्होंने देखा फर्श पर प्रशिक्षु एसआई की लाश पड़ी हुई है. दाहिने हाथ में सर्विस रिवाल्वर है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वह अविवाहित थी. शादी के लिए बातचीत चल रही थी.
लक्ष्मी सुपौल जिले की मूल निवासी थी और सब इंस्पेक्टर की पोस्ट के लिए 2018 में चुनी गई थी. घटना की सूचना के बाद उसके पिता त्रिलोकी प्रसाद साह दरभंगा पहुंच चुके हैं. दरभंगा के सिटी एसपी अशोक कुमार प्रसाद और एसडीपीओ सदर कृष्ण नंदन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
सिटी एसपी अशोक कुमार प्रसाद ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गुरुवार की देर रात 12 से 2 बजे के बीच लक्ष्मी ने अपने ही सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि आत्महत्या के अलावा दूसरे एंगल से भी घटना की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी जानकारी मिल पाएगी.
इसे भी पढ़ें : परसूडीह में सड़क पर बार-बार खुदाई से लोगों को हो रही है परेशानी




