BiharBihar UpdatesELECTION SPECIAL

तेजस्वी आये नीतीश के निशाने पर, कहा, बिना ज्ञान के नौकरियां देने का वादा करने वाले कहीं अपना धंधा न चालू कर दें

कुमार ने राजद नेता पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि 15 साल में जब मौका मिला था तब कितने लोगों को नौकरियां दी थी ?

Patna :  राजद नेता तेजस्वी यादव के 10 लाख नौकरियां देने के वादे पर तंज करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि कुछ लोग बिना ज्ञान के ही नौकरियां देने का वादा कर रहे हैं, लेकिन कहीं ऐसा न हो कि वे नौकरी देने के नाम पर अपना अलग ही काम धंधा चालू कर दें. गया के शेरघाटी और औरंगाबाद के रफीगंज में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा, कुछ लोगों को कोई ज्ञान नहीं है और दावा कर रहे हैं कि इनती नौकरियां देंगे. पैसा कहां से आयेगा ?

उन्होंने कहा, कहीं ऐसा न हो कि वे नौकरी देने के नाम पर अपना अलग ही काम धंधा चालू कर लें. कहने से कुछ होता है जी, करने का कुछ अनुभव हो, कुछ समझ हो तब ना. कुमार ने राजद नेता पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि 15 साल में जब मौका मिला था तब कितने लोगों को नौकरियां दी थी ?

इसे भी पढ़े : बिहार चुनाव : सियासी पारा गरम करने योगी की इंट्री 20 OCT को, यूपी-बिहार सीमा से लगे क्षेत्रों में करेंगे प्रचार    

हमने तो छह लाख से अधिक लोगों को नौकरियां दीं

उन्होंने कहा,हमने तो छह लाख से अधिक लोगों को नौकरियां दीं और काफी संख्या में लोगों को काम का अवसर दिया. गौरतलब है कि विपक्षी महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा है कि उनकी सरकार बनते ही कैबिनेट की पहली बैठक में युवाओं को 10 लाख रोजगार देने पर मुहर लगेगी.
वहीं, राजद प्रमुख लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए नीतीश ने कहा, 15 साल में महिलाओं के लिए क्या किया ? पति जेल में गये तो पत्नी को बैठा दिया, लेकिन महिलाओं के लिए क्या किया? कुमार ने कहा, हमें मौका मिला तो हमने आरक्षण दिया. महिलाएं जनप्रतिनिधि बनीं.

इसे भी पढ़े : बिहार चुनाव :  लालू प्रसाद भी उतरे मैदान में , नीतीश पर कसा तंज, अब आप थक गये हैं… आपको आराम करना चाहिए…

अपहरण उद्योग के चलते  व्यापारी और डॉक्टर बिहार छोड़ के भाग गये थे

राजद की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान कानून एवं व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिहार में चल रहे अपहरण उद्योग के चलते काफी व्यापारी और डॉक्टर बिहार छोड़ के भाग गये थे और दो पैसा कमाने के लिए लोग राज्य छोड़ने पर मजबूर हो गये थे. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के आते ही सब बदल गया, सबके विकास के लिए कार्य किये गए, सबको सुरक्षा मिली. राजद की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले न सड़क थी, न बिजली थी और जंगलराज था.

हर गांव तक सड़क है और बिहार में कानून का राज है

उन्होंने कहा, आज हर घर में बिजली है, हर गांव तक सड़क है और बिहार में कानून का राज है.  कुमार ने कहा, हमने शुरू में ही साफ कर दिया था कि हम अपराध, भ्रष्टाचार और साम्प्रदायिकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे. कोरोना वायरस से मुकाबला करने के सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए नीतीश ने कहा कि कोरोना को लेकर थोड़ी परिस्थितियां अलग हैं.

उन्होंने कहा कि बिहार में उसके प्रसार की रोकथाम के लिए कठिन से कठिन कार्य हुए हैं तथा जांच के मामले में तो राज्य अभी देश में भी आगे चल रहा है. राज्य में राजग की फिर से सरकार बनने पर किये जाने वाले कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, हमने तय कर लिया है कि इस बार मौका दीजियेगा तो हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचा देंगे.

कहीं भी सूखा नहीं रहने देंगे. हर घर बिजली तो पहुंच गयी है, अब हर गांव में सोलर लाइट लगाएंगे. उन्होंने राजग को विजयी बनाने की अपील करते हुए लोगों से कहा कि फिलहाल सिर्फ आपको ये ख्याल रखना है कि आपका विकास न रुके और आप विकास की मुख्यधारा से जुड़े रहें.

इसे भी पढ़े :  बिहार चुनाव : तेजस्वी के बयान से मची हलचल, कहा, नीतीश कुमार ने चिराग पासवान के साथ अन्याय किया है

Related Articles

Back to top button