
- पलामू के सतबरवा में आपस में भिड़ गयी थीं भैंस लदे कंटेनर समेत तीन गाड़ियां
Palamu : एनएच-39 डालटनगंज-रांची मुख्य पथ पर सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया के चरवाडीह में एक साथ तीन वाहन आपस में भिड़ गये. हादसे के बाद एक कंटेनर (एचआर 55 एल 2384) के पलट जाने से उसमें लदीं छह भैसों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक ने भी दम तोड़ दिया. युवक भैंसों के बीच ही बैठा था. हादसे के बाद कंटेनर ड्राइवर मौके से भाग निकला.

कंटेनर के सामने आ गयी थी स्कॉर्पियो, बचाने के चक्कर में ट्रक से हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, रांची की ओर से आ रहे कंटेनर में करीब 28 भैंसें लदी हुई थीं और एक युवक उनके बीच बैठा था. सतबरवा के बकोरिया में कंटेनर के सामने एक स्कॉर्पियो (जेएच 03एल 1358) आ गयी, जिसे बचाने के चक्कर में कंटेनर ड्राइवर ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक (यूपी 62 टी 3816) में टक्कर मार दी. इसके बाद कंटेनर असंतुलित होकर पेड़ से जा टकराया. टक्कर के बाद कंटेनर पलट गया और उसमें लदीं छह भैंसें और भैंसों के बीच बैठे युवक की मौत हो गयी, जबकि करीब 15 भैंसें घायल हो गयीं. वहीं, स्कॉर्पियो भी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.
बताया गया कि तीनों वाहनों की टक्कर में बोलेरो, ट्रक और कंटेनर में सवार आधा दर्जन भर लोगों को मामूली चोटें आयी हैं, जिन्हें इलाज के बाद छोड़ दिया गया.
इसे भी पढ़ें- गंभीर बनी हुई है शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की स्थिति, चेन्नई के चिकित्सक कर रहे इलाज, आज भी देखने पहुंचे सीएम
पुलिस ने जिंदा बचीं भैंसों को देखरेख के लिए ग्रामीणों को सौंपा
घटना की जानकारी के बाद ग्रामीणों के साथ पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाया. मृत युवक के साथ छह भैंसों को जेसीबी मशीन से कंटेनर की बॉडी तोड़कर बाहर निकाला गया. पुलिस ने जिंदा बचीं भैंसें कों ग्रामीणों को उनकी देखरेख करने के लिए सौंप दिया है.
घटनास्थल के पास ही दफनाया गया मवेशियों को
थाना प्रभारी रूपेश कुमार दुबे ने बताया कि मृतक युवक की शिनाख्त के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीनगर के राजा मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया है. वहीं, मृत मवेशियों को घटनास्थल के पास गड्ढा खोदकर दफना दिया गया है.
घटनास्थल पर थाना प्रमारी के साथ पीएसआई राहुल पांडे, रीतलाल प्रसाद यादव, कर्णपाल नाग, रविरंजन सिंह समेत पुलिस के जवानों के अलावा सैकड़ों लोग घटनास्थल पर मौजूद थे.




