
Ranchi : निजी क्षेत्र की ख्याति प्राप्त कंपनी टाटा स्टील कोरोना से मरनेवाले कर्मियों के परिजनों को उनके सेवानिवृत्त होने तक का अंतिम वेतन का भुगतान करेगी. कंपनी के मुताबिक यदि किसी कर्मचारी की कोविड-19 के कारण मौत हो जाती है, तो उनके आश्रितों को कंपनी सामाजिक सुरक्षा के लाभ के तहत उक्त सुविधा प्रदान करेगी. इसके अलावा मृत कर्मियों के बच्चों के स्नातक तक की पढ़ाई का पूरा खर्च भी कंपनी उठायेगी. टाटा स्टील कंपनी ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है.
इसे भी पढ़ें – 1345 नये कोरोना संक्रमित मिले, 4375 ठीक हुए, 37 की मौत
गौरतलब है कि कोविड-19 की दूसरी लहर में भी टाटा स्टील कंपनी के कर्मचारी लगातार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए उत्पादन सुचारू रूप से रखे हुए हैं. ड्यूटी के दौरान कई कर्मचारी न सिर्फ कोरोना संक्रमित हुए हैं, बल्कि कई कर्मियों की मौत भी हो चुकी है. इसे देखते हुए टाटा स्टील कंपनी ने सामाजिक सुरक्षा का लाभ अपने कर्मचारियों को देने का निर्णय लिया है. इसके तहत मृतक कर्मियों के आश्रितों को उनकी सेवानिवृत्ति की आयु (60 वर्ष) तक का बेसिक वेतन भुगतान किया जायेगा. कंपनी के इस निर्णय की टाटा स्टील कर्मियों ने सराहना की है.
इसे भी पढ़ें – आज रांची ज़िले में 18-45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का इन 26 केंद्रों पर होगा वैक्सीनेशन



