
Ranchi: झारखंड कांग्रेस के दो पूर्व प्रदेश अध्यक्षों सुखदेव भगत और प्रदीप बलमुचु की आज घर वापसी होगी. दोनों नेता कांग्रेस भवन में पार्टी का दामन थाम लेंगे. पार्टी की ओर से इसकी अधिकारिक घोषणा कर दी गयी है. इस दौरान झारखंड के नवनियुक्त प्रभारी अविनाश पांडेय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे.
इसे भी पढ़ें : रिम्स में 7 लोगों ने मल्टी आर्गन डोनेशन के लिए भरा फार्म, एक डोनर किडनी और आंखें करेंगे दान
वापसी का था इंतजार
दोनों नेता लंबे समय से पार्टी में वापसी की आस में बैठे थे. विधानसभा चुनाव 2019 के दौरान दोनों ने पार्टी बदल ली थी. सुखदेव भगत बीजेपी, तो प्रदीप कुमार बलमुचु आजसू में गये थे. बता दें कि विधानसभा चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने बीजेपी का दामन थाम लिया था. उस समय सुखदेव भगत और प्रदेश नेतृत्व का सामंजस्य सही नहीं बैठ रहा था. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर की मौजूदगी में बीजेपी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी. वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू ने कांग्रेस छोड़ आजसू का दामन थामा था दरअसल घाटशिला से टिकट नहीं मिलने से वे नाराज चल रहे थे. विधानसभा चुनाव के समय सुखदेव भगत जहां भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े थे, वही प्रदीप बलमुचु आजसू के टिकट पर मैदान में उतरे थे. लेकिन दोनों की हार हुई थी.
इसे भी पढ़ें : पथ निर्माण विभाग के पूर्व अभियंता प्रमुख रासबिहारी सिंह दो साल से निलंबित,अब तक आरोप तय नहीं




