
Ranchi: राज्य सरकार नयी खेल नीति के आधार पर झारखंड के खेल संघों को अनुदान देगी. इसके लिए खेलकूद विभाग, झारखंड ने अहर्ता धारी खेल संघों से 15 दिसम्बर तक आवेदन मांगे हैं.
खेल निदेशालय की ओर से सूचना जारी करते कहा गया है कि झारखंड के वैसे खेल संघ जिनके राष्ट्रीय महासंघ की मान्यता भारतीय ओलंपिक संघ से तथा राज्य इकाई की मान्यता झारखंड ओलंपिक संघ से प्राप्त हो, उन्हें अनुदान मिलेगा.
विभागीय अधिसूचना संख्या 32, दिनांक 20-12-2022 में वर्णित शर्तों, अहर्ताओं को भी जो पूरा करते हों, वे भी इसका लाभ ले सकते हैं. वित्तीय वर्ष 2023-24 में विभिन्न स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन या राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भागीदारी के पूर्व राज्य के चयनित खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर के आयोजन के लिए निर्धारित फॉर्मेट में अनुदान राशि के लिए आवेदन खेल संघ कर सकते हैं.
यह आवेदन 10 जून 2022 को जारी विभागीय संकल्प संख्या-4, (झारखंड खेल नीति-2022) तथा 20 दिसम्बर 2022 को जारी विभागीय अधिसूचना संख्या-32 (खेल संघों को अनुदान हेतु मार्गदर्शिका) के आधार पर आमंत्रित किया जा रहा है.
आवेदन के लिए ऐसे लें मदद
खेल निदेशालय के मुताबिक झारखंड के खेल संघ अनुदान के लिए भरे हुए आवेदन और जरुरी डाक्यूमेंट्स के साथ इसे मोरहाबादी, रांची स्थित निदेशालय कार्यालय में 15 दिसम्बर को शाम 5 बजे तक जमा कर सकते हैं. खेल संघों को सहायता अनुदान से संबंधित आवेदन की जानकारी वेबसाइट www.sports.jharkhand.gov.in से ली जा सकती है.




