
Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के नौ वर्ष हो गए हैं. मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर एक तरफ जहां बीजेपी इसके सफलता के 9 साल बता रही है वहीं, वहीं, कांग्रेस, मोदी सरकार के नाकामियों को जनता के बीच ले जाने के लिए नौ सवाल पूछ रही है. मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर कांग्रेस उनकी नाकामियों को गिना रही है. इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय यादव ने मोदी सरकार से नौ सवाल पूछे हैं. उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. बेरोजगारी 30 से 40 प्रतिशत बढ़ गयी है. वहीं, गरीबों के लिए वेतन वृद्धि निगेटिव रही है. यह एक विनाशकारी रिकॉर्ड है.
इसे भी पढ़ें: रांची के 56 केंद्रों पर कल होगी यूपीएससी की पीटी परीक्षा, 23000 अभ्यर्थी होंगे शामिल
श्री यादव ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से दलितों के खिलाफ अत्याचारों में 23 प्रतिशत वृद्धि हुई है. ये आंकड़े दलितों के प्रति आपके प्रेम को दिखाने के लिए काफी है. आपने धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए बहुत जरुरी छात्रवृत्ति कम कर दी है. वहीं, महिलाओं के खिलाफ अपराध 2013 में 3.1 लाख से बढ़कर 2021 में 4.2 लाख हो गए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन सब सवालों के जवाब देने होंगे. मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर व राजीव रंजन समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को केवल अपने मित्रों की फिक्र है, उनके काले धन को सफेद करने में लगे हुए हैं. उन्होंने कही कि नौ साल में तमाम खाने-पीने की चीजों की कीमत बढ़ गयी है. 64 प्रतिशत जीएसटी गरीबों से ली जा रही है. बड़े-बड़े उद्योगपति घराने हैं उनसे मात्र चार फीसदी जीएसटी लिया जा रहा है.
बजरंग बली ने ऐसी गदा मारी कि भाजपा वाले औंधे मुंह गिर गये
कर्नाटक जीत पर श्री यादव ने कहा कि भाजपा वाले बजरंग बली के नाम पर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे लेकिन, इन भाजपा वालों को बजरंग बली ने ऐसी गदा मारी कि औंधे मुंह गिर गए. उन्होंने कर्नाटक जीत पर कांग्रेस के राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम नेताओं का बधाई दी.
अर्थव्यवस्था
ऐसा क्यों है कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद देश में महंगाई और बेरोजगारी आसमान छू रही है. देश में अमीर और गरीब के बीच खाई क्यों बढ़ती जा रही है.
गरीब और गरीब क्यों होते जा रहे हैं. सार्वजनिक संपत्तियों को मोदी ने अपने मित्रों को क्यों भेजा है, आर्थिक विषमता पिछले नौ वर्षों में क्यों बढ़ी है.
कृषि और किसान
पिछले नौ वर्षों में भी देश में किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई है. तीन काले कानून कानून को रद्द करते समय किसान संगठनों के साथ हुए समझौते को लागू क्यों नहीं किया? किसानों को एमएसपी की गारंटी क्यों नहीं दी गई है.
भ्रष्टाचार एवं मित्रवाद
उद्योगपति अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए एलआईसी और एसबीआई में जमा जनता की खून पसीने की कमाई को दांव पर क्यों लगा दिया. भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात करने वाली मोदी सरकार और उसके प्रधानमंत्री यह जवाब क्यों नहीं देते कि अडानी की फर्जी कंपनियों में जो 20 हजार करोड़ है, वह किसका लगा हुआ है.
चीन और राष्ट्रीय सुरक्षा
ऐसा क्यों है कि चीन को लाल आंख दिखाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री ने उसे 2020 में क्लीन चिट दे दिया, जबकि आज भी चीन हमारी जमीन पर कब्जा किए बैठा है.
सामाजिक सद्भाव को नुकसान
ऐसा क्यों है कि चुनावी मुद्दों के लिए जानबूझकर बंटवारे की राजनीति को हवा क्यों दी जा रही है. भाजपा और भाजपा की सरकार, समाज में डर का माहौल क्यों बना रही है.
सामाजिक न्याय
ऐसा क्यों है कि महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं. पीएम जातिगत जनगणना की मांग को क्यों नजरअंदाज कर रहे हैं.
लोकतांत्रिक संस्थाएं
ऐसा क्यों है कि मोदी सरकार के नौ साल में विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है. क्यों जनता द्वारा चुनी हुई विपक्षी दलों की सरकारें गिराई गयी. पिछले 9 वर्षों में संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर क्यों किया गया.
जनकल्याण की योजनाएं
ऐसा क्यों है कि बजट में कटौती करके मनरेगा जैसी जनकल्याण की योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है. गरीब, आदिवासी और जरूरतमंदों के सपनों को क्यों कुचला जा रहा है.
कोरोना मिसमैनेजमेंट
ऐसा क्यों है कि कोरोना के कारण देश में 40 लाख लोगों की मौत के बाद उसके परिवार को मुआवजा देने से मना कर दिया गया. क्यों अचानक लॉक डाउन करके लाखों कामगार साथियों को घर जाने पर मजबूर किया गया और उन्हें उसी हालत पर छोड़ दिया.




