
Giridih : जिले के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित पिंडाटांड़ गांव में एक खलिहान में आग लग जाने से हजारों की कीमत का धान जलकर खाक हो गया. घटना की जानकारी सुबह लोगों को मिली. बताया गया कि मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने खलिहान में आग देखकर हो- हल्ला करना शुरू किया जिसके बाद लोग एकत्रित हुए और फिर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. मगर तबतक काफी देर हो चुकी थी और दो किसानों का धान जलकर खाक हो चुका था.
इस बाबत भुक्तभोगी किसान छोटू महतो एवं निर्मल महतो ने बताया कि कल शाम को धान झाड़ कर उसे बोरे में डालकर और धान का बीड़ा रखकर सभी घर चले गए थे. आज सुबह खलिहान में आग लगने की जानकारी मिली. जिसके बाद फौरन सभी आग बुझाने में जुट गए. बताया कि धान के जल जाने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है. उनके समक्ष खाने की समस्या उत्पन्न हो जाएगी. किसानों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.




