Jharkhand

रांची में आज ट्रैफिक का बदला रहेगा रूट, रात 12 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद; घर से निकलने से पहले जान लें नियम

रांची में आज ट्रैफिक का बदला रहेगा रूट, रात 12 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद; घर से निकलने से पहले जान लें नियम

रांची में आज घर से बाहर निकलने वाले लोगों को ट्रैफिक से जुड़ी कुछ जरूरी बातें जान लेना बेहद जरूरी है। राजधानी में आज कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहने वाली है। इसकी वजह है सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर निकाली जाने वाली भव्य नगरकीर्तन।

नगरकीर्तन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक रांची शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

वहीं, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल, पीपी कंपाउंड तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

इसके अलावा दोपहर 2 बजे से नगरकीर्तन समाप्त होने तक पिस्का मोड़ से मेन रोड, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक की ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

रेडियम चौक से शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, रतन टॉकीज होते हुए सुजाता चौक तक भी दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने छोटे वाहनों के परिचालन और शहर में प्रवेश को लेकर भी प्रतिबंध लागू किए हैं, ताकि नगरकीर्तन के दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा न हो।

ऐसे में अगर आप आज मेन रोड या इनसे जुड़े इलाकों में जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपना रास्ता जरूर तय कर लें। थोड़ी सी सावधानी आपको ट्रैफिक जाम और परेशानी से बचा सकती है।

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकलने वाली नगरकीर्तन को लेकर रांची पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button