
Ranchi: रांची रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल रॉयल रेजिडेंसी में हुई छापेमारी में 10 सेक्स वर्कर सहित 12 को हिरासत में लिया गया है. रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. जैसे ही इसके बारे में सूचना मिल रही है उस पर कार्रवाई की जा रही है. रविवार को भी सटीक सूचना के आधार पर चुटिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में छापेमारी कर बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया गया है. ग्राहकों को होटल में ही बुलाया जाता है और फिर उनके कमरे तक लड़कियों को भेजा जाता है. लड़कियों को रखने के लिए विशेष कमरा भी होटल में बनवाया गया था. पुलिस जब होटल में छापेमारी के लिए पहुंची, तो होटल के कोने-कोने से लड़कियां निकल कर भागने लगीं, लेकिन पुलिस ने सभी को दबोच लिया. इनमें से ज्यादातर लड़कियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली बतायी जा रही हैं. पुलिस को इनके मोबाइल से कैश के लेनदेन को जानकारी मिली है. वहीं पूछताछ में ये लड़कियां लगातार अपना बयान बदलती नजर आईं, जिसके बाद सभी को डिटेन किया गया है. पुलिस के द्वारा लड़कियों को पूछताछ के लिए महिला थाना ले जाया गया है.




