NEWS

पेंशन योजना के मृत लाभुकों के बैंक खाते से वसूले गए 34 लाख रुपये

Dhanbad : धनबाद में डीसी वरुण रंजन के निर्देश पर विभिन्न पेंशन योजना के मृत 300 से अधिक लाभुकों के बैंक खाते से 34 लाख रुपए से अधिक की राशि वसूली गई. समाहरणालय के सभागार में डीसी शनिवार को सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति एवं कल्याण शाखा की समीक्षा कर रहे थे. इस दौरान निदेशक, सामाजिक सुरक्षा नियाज़ अहमद ने उपायुक्त को बताया कि उनके निर्देशानुसार एक विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान लगभग 2200 मृत लाभुक जिनके बैंक खाते में पेंशन की राशि जा रही है, को चिह्नित किया गया. इसमें 300 मृत लाभुकों के बैंक खाते से 34 लाख रुपए से अधिक की राशि वसूली गई. यह वसूली झारखंड में सर्वाधिक है. अन्य लाभुकों के खाते से राशि वसूल करने का अभियान जारी रहेगा और दिसंबर माह के अंत तक शेष बैंक खातों से राशि को वसूल कर लिया जाएगा. वहीं आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला ने बताया कि धनबाद नगर निगम एवं चिरकुंडा नगर परिषद में लगभग 50 हजार से अधिक राशन कार्ड धारी राशन नहीं उठा रहे. साथ ही धोती, साड़ी एवं लुंगी वितरण में भी वे रुचि नहीं ले रहे हैं.
इसके लिए उपायुक्त ने विगत तीन से पांच साल तक राशन नहीं उठाने वाले लोगों का नाम विलुप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि ऐसे लोगों के नाम विलुप्त होने पर योग्य लाभुक को राशन कार्ड जारी किया जा सकेगा और वह राशन का उठाव कर सकेंगे. वहीं वैसे राशन कार्ड धारी जो विगत 6 माह अथवा 1 साल से राशन नहीं उठा रहे हैं उनकी सूची बनाकर समाचार पत्रों के माध्यम से उनको नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया. कल्याण शाखा की समीक्षा के दौरान उपयुक्त ने प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान 30 नवंबर तक तथा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान 10 दिसंबर तक कर देने का निर्देश दिया. वहीं मुख्यमंत्री पशुधन योजना में स्वीकृति प्रदान कर 10 दिसंबर तक डायरेक्ट बेनिफिशियरी ट्रांसफर (डीबीटी) करने तथा छात्रों को साइकिल प्रदान करने के लिए छात्रों का सत्यापन करने के बाद डीबीटी की प्रक्रिया शुरू करने, जाहेर स्थान घेराबंदी के लिए लाभुक समिति का गठन कर इस वित्तीय वर्ष में कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया.
बैठक में उपायुक्त वरुण रंजन के अलावा निदेशक एनईपी इंदु रानी, निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज़ अहमद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला, आपूर्ति शाखा के संदीप कुमार के अलावा सभी मार्केटिंग ऑफिसर तथा अन्य मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: छठ महापर्व: व्रतियों ने किया खरना, कल संध्या अर्घ्य

Related Articles

Back to top button