
Ranchi: स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को लेकर रांची में सख्ती और बढ़ने वाली है. ट्रैफिक एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने सख्त आदेश जारी करते हुए कहा है कि दोपहर 3 बजे के बाद यदि सड़क पर बेवजह वाहन दिखे, तो पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर गाज गिरेगी.
ट्रैफिक एसपी ने कहा है कि गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन करवाने की जिम्मेदारी सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर है. दोपहर 3 बजे के बाद सड़क पर नजर आने वाले वाहनों को संदिग्ध माना जाएगा. केवल उन्हीं वाहनों को गुजरने दिया जाएगा, जिनके लिए सरकार की ओर से अनुमति है.
ट्रैफिक एसपी ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि इन दिनों हो रही कार्रवाई पर संतोषजनक अनुपालन नहीं करवाया जा रहा है. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और अधिकारी लगातार 3 बजे के बाद नजर आने वाले वाहनों से पूछताछ करेंगे और जानकारी लेंगे. उनके निकलने का कारण संतोषप्रद होने पर ही उन्हें आगे जाने दिया जाएगा, अन्यथा वाहन जब्त कर कार्रवाई की जाएगी.




