
Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र के हाथी घोड़ा मंदिर के पास मंगलवार की शाम सड़क हादसे घायल रौशन ने भी बुधवार की सुबह टीएमएच में दम तोड़ दिया. इससे पहले दुर्घटना में बुरी तरह से घायल उसके दोस्त हर्ष ठाकुर की भी मौत हो गई थी. ये दोनों दाईगुट्टु के दीपासाई के रहनेवाले थे. एक ही हादसे में दो किशोरों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है. दुर्घटना मंगलवार की शाम की है. हर्ष और रौशन अपने एक अन्य साथी के साथ स्कूटी पर सवार होकर मानगो से मरीन ड्राइव की ओर जा रहे थे. उसी दौरान एक भारी वाहन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए थे. उन दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. वहां बुरी तरह से घायल हर्ष की मौत हो गई थी. वहीं, रौशन को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया था. हालांकि वह भी नहीं बच पाया. इन दोनों के तीसरे साथी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बतायी जा रही है. इस बीच बुधवार को ही हर्ष का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान काफी संख्या में बस्ती के लोग उपस्थित थे. सभी उस घड़ी को कोस रहे थे जब तीनों दोस्त एक स्कूटी पर सवार होकर बगैर हेल्मेट के सड़क पर निकले थे.
इसे भी पढ़ें – आदित्यपुर में मेडिकल स्टोर में घुसा अनियंत्रित ट्रक, मची अफरातफरी, बड़ा हादसा टला




