
New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के चल रहे बजट सत्र के दौरान आज राज्यसभा में दोपहर 2 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे. राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस बुधवार को खत्म हो गई. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र के पहले दिन 31 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया था.
बुधवार को पीएम मोदी ने लोकसभा में जवाब दिया था. इस दौरान उन्होंने विपक्ष खास तौर पर कांग्रेस को निशाने पर लिया. पीएम मोदी ने कांग्रेस कार्यकाल की कमियां गिनाते हुए सिलसिलेवार अपनी बात सदन में रखी. वहीं, कांग्रेस ने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री मोदी के जवाब में अदाणी का कहीं जिक्र नहीं था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक बार फिर से मीडिया के सामने आए. उन्होंने कहा कि पीएम ने किसी मुद्दे पर जवाब नहीं दिया. अदाणी मामले पर प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ नहीं बोला. प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को कुछ नहीं बोला. लग रहा है प्रधानमंत्री मोदी सभी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.




