NEWS

विदेशी फंडिंग के आरोपों पर अभिजीत दीपके का पलटवार, सौरभ दास की फंडिंग को लेकर सरकार से पूछा सवाल

अभिजीत दीपके का सरकार से सवाल, आशुतोष रांका के बाद अब सौरभ दास की फंडिंग पर उठाए सवाल

 

कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी की विदेशी फंडिंग को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और नेता आशुतोष रांका पर विदेशी फंडिंग मिलने के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों के बीच अब अभिजीत दीपके ने सरकार से ही सवाल पूछ लिया है कि आखिर सौरभ दास को फंडिंग कहां से मिल रही है?

दरअसल, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दावा किया कि अभिजीत दीपके को अमेरिका में बैठे डोनर्स से, जबकि आशुतोष रांका को पाकिस्तान के नेताओं से फंडिंग मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत विरोधी संगठन, विदेशी एनजीओ और कथित डीप स्टेट ऑपरेटिव्स देश में सरकार के खिलाफ नैरेटिव तैयार कर रहे हैं।

इन आरोपों के बाद अभिजीत दीपके ने जितेंद्र सिंह की पोस्ट को साझा करते हुए सवाल किया, “और सौरभ को?” यानी दीपके ने सौरभ दास की फंडिंग के स्रोत को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। हालांकि, इस सवाल पर सरकार की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह विवाद नया नहीं है। इससे पहले अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन भी अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी को अमेरिकी डोनर्स से फंडिंग मिलने का आरोप लगा चुकी हैं। उन्होंने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ काम करने वाले कुछ विदेशी डोनर्स भारतीय युवाओं को फंडिंग कर रहे हैं।

वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने भी दीपके और कुछ अन्य लोगों की फंडिंग को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए विदेशी ताकतों की भूमिका पर आरोप लगाए थे।

हालांकि, अभिजीत दीपके ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा था कि अगर उनके खिलाफ कोई सबूत है, तो उसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सौंपा जाना चाहिए।

फिलहाल, विदेशी फंडिंग को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब देखना होगा कि इन आरोपों पर सरकार की ओर से क्या जवाब आता है और क्या इस मामले में कोई आधिकारिक जांच या कार्रवाई सामने आती है।

Related Articles

Back to top button