
Ranchi : रिम्स में व्यवस्था सुधारने को लेकर प्रबंधन रेस हो गया है. जिसके तहत इस साल कई नई सुविधाएं मिलेगी. मेडिकोज के लिए एकेडमिक ब्लाक शुरू किया जाएगा. वही मरीजों के परिजनों के लिए भी रात गुजारने के लिए छत मिलेगी. जिससे कि मरीजों के परिजनों को अब जहां-तहां रात नहीं गुजारनी पड़ेगी. इसके अलावा नई सिटी स्कैन मशीन भी मरीजों के लिए चालू कर दी जाएगी. इसके अलावा मरीजों के लिए सुपर स्पेशियलिट बिल्डिंग का भी निर्माण कार्य शुरू होगा, जिसमें चाइल्ड और मेटरनिटी वार्ड होगा.
एक छत के नीचे मेडिकोज को सुविधा
एकेडमिक ब्लॉक में एक ही छत के नीचे पढ़ाई से लेकर खाने और फिट रहने का इंतजाम होगा. रिम्स का एकेडमिक ब्लॉक 43 करोड़ रुपए से निर्माण कराया गया है. जल्द ही इस बिल्डिंग का उदघाटन हो जाएगा. इस बिल्डिंग में रिम्स की लाइब्रेरी समेत मेडिकल स्टूडेंट के पढ़ाई से जुड़े सभी इंतजाम हैं. मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के अनुसार लाइब्रेरी को लेकर लगातार निर्देश मिलता रहा है. नई बिल्डिंग में मेडिकोज के लिए लेक्चर थियेटर, कैफेटेरिया और जिम की सुविधा भी होगी.
परिजनों को डॉरमेट्री की मिलेगी सुविधा
रिम्स में बिहार-झारखंड के अलावा अन्य राज्यों से मरीज इलाज के लिए आते हैं. जहां मरीजों के साथ आनेवाले परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. उनके सामने सबसे बड़ी समस्या रात गुजारने की होती है. कड़कड़ाती ठंड में भी गैलरी में रात गुजारनी पड़ रही है. आनेवाले मरीजों के परिजनों को इस समस्या से निजात मिल जायेगी. उन्हें कैंपस में ही डॉरमेट्री की सुविधा मिलने लगेगी. एक ही छत के नीचे ठहरने से लेकर खाने- पीने का भी इंतजाम होगा. 15 करोड़ की लागत से सुपरस्पेशियलिटी कैंपस में डेंटल कॉलेज के पीछे जी प्लस 5 फ्लोर का बिल्डिंग तैयार हो चुका है. पावरग्रिड ने सीएसआर फंड से इस बिल्डिंग का निर्माण कराया है. जहां पर 300 से अधिक बेड मरीजों के परिजनों के लिए होंगे. कैंटीन, कैफेटेरिया, लाउंड्री और फार्मेसी की भी सुविधा होगी.
मरीजों के लिए नई सीटी स्कैन मशीन
रिम्स में पहले से ही 256 स्लाइस की सीटी स्कैन मशीन ट्रॉमा सेंटर में इंस्टॉल कराई गई थी. अब हॉस्पिटल की मेन बिल्डिंग में 128 स्लाइस की सीटी स्कैन मशीन लगाई गई है. जिसका ऑफिशियल उद्घाटन 2023 में होगा. इस मशीन के चालू हो जाने के बाद मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए प्राइवेट सेंटर की दौड़ नहीं लगानी होगी. वही सरकारी दर पर उनका सीटी स्कैन रिम्स में ही हो जाएगा.




