Palamu

पलामू: 10 लाख के ईनामी नक्सली नीतेश जी के पास पहुंचने से पहले बरामद हुआ लेवी के 5 लाख रुपये, दो नक्सली समर्थक गिरफ्तार

Palamu: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सक्रिय दो सदस्य 10 लाख के इनामी नक्सली नितेश जी के पास लेवी के 5 लाख रुपए पहुंचाने वाले थे. दोनों नक्सली समर्थक पैसे लेकर नितेश जी के पास जा रहे थे. इसी क्रम में पुलिस ने उन्हें धर दबोचा. दोनों नक्सली समर्थकों को छतरपुर पुलिस ने रविवार को सार्वजनिक किया और पूरे मामले की जानकारी दी.
छतरपुर के डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि शनिवार रात गुप्त सूचना के आधार पर नक्सलियों के विरूद्ध छापामारी अभियान चलाया गया. इस दौरान ग्राम गोठा स्थित महुदंड मोड़ के पास संदेह के आधार पर एक मोटरसाईकिल पर सवार दो व्यक्तियों राजकेश्वर यादव उर्फ बिनोद यादव पिता स्व. सरयू यादव ग्राम- खेन्द्राखूर्द थाना छतरपुर एवं 2. हरिहर यादव पिता कैलाश यादव ग्राम- गोरियाथान थाना हुसैनाबाद को पकड़ा गया. उनकी मोटरसाईकिल की डिक्की को चेक करने पर भाकपा माओवादिया द्वारा लेवी के रूप में उगाही किया हुआ 5 लाख रूपए बरामद किया गया. लेवी की राशि क्रशर, माईन्स, ईट भट्ठा मालिक, ट्रांसपोटर से भाकपा माओवादी नक्सली नितेश उर्फ इरफान ने वसूल करवाये थे.अपने सक्रिय समर्थक हरिहर यादव के माध्यम से इकट्ठा कराया था. नितेश के ही कहने पर बिनोद यादव इस लेवी के पैसे को हरिहर यादव से लेकर नितेश तक पहुँचाने के लिए जा रहा था, लेकिन दोनों रास्ते में ही पकड़े गए.
पूछताछ में बिनोद यादव द्वारा कुबूल किया गया है कि विगत कई महीनों से वह भाकपा माओवादी नक्सली संजय गोदराम के साथ रहकर पीपरा थानार्न्तगत झरना गॉव में पुलिस के आनेजाने वाले रास्ते पर पुलिस को क्षति पहुॅचाने एवं पुलिस का हथियार लूटने के उद्देश्य से दो केन बम और सिलिण्डर बम लगवाने में इनकी एवं इनके दोनों बेटों की सक्रिय भूमिका थी.
अनुसंधान में यह भी ज्ञात हुआ कि गत 23.08.2023 को छतरपुर थानान्तर्गत हरदिया घाटी में सड़क निर्माण कम्पनी की गाड़ियों में आगजनी की घटना में शामिल दस्ते में भाकपा माओवादी के नितेश जी, संजय गोदराम, सीताराम रजवार उर्फ रमण जी. राजेन्द्र जी एवं अन्य के अलावे बिनोद यादव और हरिहर यादव भी शामिल थे.
अवैध अग्नेयास्त्र रखने के जुर्म में हरिहर यादव वर्ष 2015 में हुसैनाबाद से जेल जा चुका है. पुलिस को हरिहर यादव और बिनोद यादव की बहुत पहले से तलाश थी. अंततः लेवी की मोटी रकम एवं नक्सली चिट्ठी के साथ दोनों पकड़े गए.
छापामारी में छतरपुर थाना प्रभारी पुअनि शेखर कुमार, पुअनि अजीत कुमार यादव, रीतलाल प्रसाद यादव, छतरपुर थाना के सैट-02 सशस्त्र बल शामिल थे.

Related Articles

Back to top button