JharkhandPalamuRanchi

पलामू में स्थित 11 शत्रु संपत्तियों की ई-नीलामी में लगा गृह मंत्रालय

Ranchi: पलामू जिले के हुसैनाबाद स्थित शत्रु संपत्ति की ई-नीलामी होगी. इसके लिए गृह मंत्रालय ने पहल की है. इस संबंध में मंत्रालय के स्तर से सूचना (7/2025 ई-नीलामी) जारी कर दी गयी है. ई-नीलामी के माध्यम से शत्रु संपत्तियों के निपटान हेतु सूचना जारी करते बताया गया है कि भारत के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक का कार्यालय, शत्रु संपत्ति अधिनियम 1968 के अंतर्गत एक वैधानिक प्राधिकरण के रूप में कार्यरत है. इसका मुख्यालय दिल्ली में स्थित है. इसका एक शाखा कार्यालय कोलकाता में है. सीईपीआई कार्यालय झारखंड के पलामू जिले में स्थित 11 शत्रु संपत्तियों की ई- नीलामी करेगा. इस नीलामी की तिथि 12 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक निर्धारित है. ई-नीलामी नोटिस/निरीक्षण अवधि 11 जुलाई से 11 अगस्त 2025 तक तय है. मंत्रालय की ओर से विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट www.enemyproperty.mha.gov.in की मदद लेने की भी जानकारी दी गयी है.

हैदरनगर में है शत्रु संपत्ति

झारखंड के पलामू में मौजूद देश की शत्रु संपति की ई- नीलामी होनी है. हुसैनाबाद अंचल के मोकहर कला गांव के करीमनडीह में 11 प्लॉट को देश के लिए शत्रु संपत्ति माना गया है. भारत सरकार के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कोलकाता के आदेशनुसार करीब आठ एकड  संपत्ति (जमीन) की नीलामी की गई. यह नीलामी गृह मंत्रालय की तरफ से की गई है. अभी 3 एकड़ से अधिक जमीन की ई-नीलामी की जानी है.

दरअसल, 1969 में एक परिवार पाकिस्तान चला गया था. बाद में उस परिवार की संपत्ति को शत्रु संपति माना गया था. इसी संपत्ति को नीलाम किये जाने की तैयारी है. 2024 में शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कोलकाता की एक टीम हैदरनगर पहुंची थी. शत्रु संपत्ति से संबंधित जमीन की मापी की थी. मापी के बाद घेराबंदी भी की गई थी. कहा जाता है कि 1969 में हैदरनगर के मोकहर कला में जहांगीर और उनकी बहन के बीच जमीन का बंटवारा हुआ था. जहांगीर ने एक स्थानीय व्यक्ति को उसकी जमीन रजिस्ट्री कर दी थी. वहीं उसकी बहन ने भी कुछ लोगों को उसकी जमीन रजिस्ट्री कर दी. बाद में सरकार ने जहांगीर की संपत्ति को शत्रु संपत्ति माना. जमीन बेचने के बाद जहांगीर की बहन भारत में रह गई थी. मोकहर कला के मुखिया पति नवाजिश खान ने बताया कि 1969 में जहांगीर पाकिस्तान चले गए. कुछ दिन पहले लोगों को जानकारी मिली की उनकी संपत्ति को शत्रु संपति घोषित किया गया है.

यहां देखें शत्रु संपत्ति वाली लिस्ट जिसकी नीलामी होनी है.

Related Articles

Back to top button