
Ranchi: राज्य में ठंड का प्रकोप एक बार फिर से देखा जा रहा है. राज्यवासियों को सर्द हवाओं का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा. केंद्र के अनुसार 15 जनवरी को राज्य में शीतलहर का असर देखा जायेगा. शीतलहर का असर 16 जनवरी को भी देखा जायेगा. इस दौरान सुबह और शाम के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा. वहीं, 17 और 18 जनवरी को बादल छाये रहेंगे. इस दौरान हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना भी व्यक्त की गयी है.
इसे भी पढ़ें: पीएम जनमन योजना: 60 किमी ग्रामीण सड़क का निर्माण किया जायेगा
विभाग की मानें तो इस दौरान राज्य के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी हिस्से में बारिश होगी. कुछ जिलों में इस दौरान दिन के समय में भी कोहरा छाया रहेगा. ऐेसे में पलामू, लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खंूटी, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, रांची समेत अन्य जिलों में बारिश की संभावना है.
तापमान की बात करें तो आने वाले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा. इस दौरान तापमान में कमी और हवाओं मे नमी महसूस की जायेगी. इसके बाद 18 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जायेगी. हालांकि 20 जनवरी के बाद राज्य में फिर से मौसम में बदलाव की जानकारी दी गयी है. जिससे ठंड में वृद्धि दर्ज की जायेगी. 18 जनवरी तक राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज की जायेगी.
पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया. चतरा का तापमान 1.2 डिग्री दर्ज किया गया. गुमला और पलामू का तापमान 3.3 रहा. जबकि धनबाद, लातेहार, लोहरदगा का तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक रहा. राजधानी रांची की बात करें तो सुबह और शाम के वक्त कोहरा छाया रहेगा. वहीं17 और 18 जनवरी को राजधानी में आंशिक बादल छाये रहेंगे. साथ ही हल्के दर्जे की बारिश भी दर्ज की जायेगी.




