
Jamshedpur : जमशेदपुर से सटे सरायकेला खरसावां जिले आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवा नर्सिंग होम प्रबंधन की लापरवाही से 10 वर्षीय आराध्या कुमारी की मौत हो गई थी. गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में तोड़ फोड़ करते हुए बच्ची के शव के साथ सड़क जाम कर दिया. परिजनों आदित्यपुर कांड्रा मुख्य सड़क पर शव लेकर बैठ गए और कार्रवाई की मांग करने लगे. प्रदर्शन से सड़क जाम हो गई. इधर, सूचना पाकर आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. थाना प्रभारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद परिजन सड़क से हट गए.
आराध्या के पिता प्राइवेट कंपनी में काम करते है. दो बेटियों में आराध्या बड़ी थी. 4 जनवरी को आराध्या खेलते हुए घर पर गिर गई थी. पैर में चोट लगने के बाद उसे शिवा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. वहां पैर में प्लास्टर किया गया. 8 जनवरी को आराध्या के पैर से पस निकलने पर उसे दोबारा अस्पताल लेकर जाया गया जहां डॉ कुमार अभिषेक की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था. आज अचानक से उसकी तबियत बिगड़ गई जिसके बाद प्रबंधन ने आराध्या को टीएमएच रेफर कर दिया. अस्पताल ले जाने के क्रम में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया. मामले को लेकर थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी.




